
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन को हराने के लिए विपक्षी दलों ने I.N.D.I.A. के नाम से गठबंधन बनाया है। विपक्ष के इस गठबंधन की पहली बैठक बिहार की राजधानी पटना तो दूसरी बैठक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुई थी। वहीं, अब तीसरी बैठक महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में होने जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार को इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल एनक्लूसिव अलायंस का संयोजक बनाया जा सकता है। वहीं शेतकारी संगठन विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होगा।
सीटों को लेकर हो सकती है बातचीत
जानकारी के मुताबिक विपक्षी गठबंधन की बैठक में गठबंधन का लोगो जारी हो सकता है। सूत्रों ने बताया कि गठबंधन का LOGO (इंडिया के) नाम की तर्ज पर ही डिजाइन किया गया है। वहीं, इस बैठक के दौरान विपक्षी दलों के गठबंधन के 11 सदस्यों की कमेटी के नाम का ऐलान भी किया जाएगा। वहीं कई राज्यों में सीटों के बंटवारे पर भी INDIA गठबंधन में बड़े नेताओं के बीच बातचीत संभव है। विपक्षी गठबंधन की तीसरी बैठक 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली है।
बैठक में नीतीश कुमार के नाम पर लग सकती है मुहर
भाजपा के खिलाफ बने इस गठबंधन की धुरी कहीं न कहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आस-पास घूम रही है। वह फिलहाल खुद को भाजपा के सबसे बड़े विरोधी के तौर पर प्रोजेक्ट कर रहे है। वहीं मुंबई में होने वाले विपक्षी गठबंधन की तीसरी बैठक में गठबंधन के संयोजक का नाम तय करने की योजना है। ऐसे में नीतीश कुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक मुंबई की बैठक में नीतीश के नाम पर मुहर लग सकती है।
भाजपा की बढ़ सकती है मुश्किलें
सूत्रों के मुताबिक विपक्ष के इस गठबंधन में कई और अन्य पार्टियां शामिल होना चाहती है। विपक्ष के एक नेता ने नाम न छापने के शर्त पर बताया कि मुंबई की बैठक में असम की तीन पार्टीयां, पूर्वी राज्यों की दो पार्टीयां, महाराष्ट्र की एक पार्टी और उत्तर प्रदेश की एक पार्टी विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल होना चाहती है। अगर विपक्ष के नेता के इस बात में जरा भी सच्चाई है तो आने वाले समय में भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें: G20 समिट में शामिल होने के लिए भारत नहीं आएंगे पुतिन, क्रेमलिन ने दी जानकारी