
Bihar Bridge Naming Controversy: बिहार के राघोपुर-बिदुपुर पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पुल का नाम नीतीश कुमार पर रखे जाने पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आपत्ति जताई है। अब इस पर जेडीयू की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा है।
जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के हिसाब से तो पूरे बिहार का नाम ही 'चरा नगर' रख देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में चारा घोटाला और अलकतरा घोटाला हुआ था। ऐसे में किसी राज्य का नाम 'अलकतरा घोटाला प्रदेश' या 'चारा घोटाला प्रदेश' रख देना चाहिए।
इस दौरान जेडीयू नेता श्याम रजक ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने एक बदहाल बिहार की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने लगातार मेहनत कर बिहार को विकसित और सम्मानित राज्य बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की छवि और विकास की दिशा में बड़ा बदलाव आया है।
वहीं लालू प्रसाद के बयान पर मंत्री राम कृपाल यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार, NDA सरकार और भारतीय जनता पार्टी का योगदान है। अगर हमने काम किया है, तो हमारा नाम भी वहां होना चाहिए।
'नीतीश सेतु' पर विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार है, वे जो चाहें नाम रख सकते हैं। उन्होंने इसका नाम 'नीतीश सेतु' तो रख दिया, लेकिन एक तरह से उन्होंने नीतीश कुमार को खत्म भी कर दिया है। आमतौर पर, जो लोग अब इस दुनिया में नहीं रहे, उनकी याद में किसी चीज का नाम रखा जाता है या उनकी मूर्तियां लगाई जाती हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार के जीवित रहते ही उनके नाम पर यह पुल रख दिया. जिसका मतलब यह है कि वे एक तरह से यह संदेश देना चाहते हैं कि नीतीश अब राजनीतिक रूप से खत्म हो चुके हैं।