राष्ट्रीय

‘आज रात CJP प्रोटेस्ट के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की योजना नहीं’, अफवाहों पर दिल्ली पुलिस का बयान

जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। दिल्ली पुलिस ने अफवाहों पर बयान जारी कर कहा- आज रात कोई कार्रवाई नहीं।
2 min read
Jul 23, 2026
Delhi Police News
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन। (फोटो -ANI)

दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ आज रात पुलिस कार्रवाई की खबरें चल रही थीं। इस पर दिल्ली पुलिस ने अपना रुख साफ किया है।

दिल्ली पुलिस ने कहा- आज रात जंतर-मंतर पर चल रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध-प्रदर्शन के खिलाफ कोई कार्रवाई करने की योजना नहीं है। बता दें कि जंतर मंतर पर कई दिनों से नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा है।

कैसे कार्रवाई की लगी अटकलें?

कुछ ही देर पहले जंतर-मंतर के आसपास 1।5 किलोमीटर के आसपास रात 12 बजे इंटरनेट बंद करने की अधिसूचना जारी की गई गई। गृह मंत्रालय ने यह नोटिफिकेशन दिया है। इससे पहले, दिल्ली में कनॉट प्लेस के सभी दुकानों को शाम 6:30 बजे तक बंद करने को कहा गया था।

इन आदेशों के बाद यह अटकलें तेज हो गईं कि आज रात सीजेपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने सभी अटकलों को विराम दे दिया।

छात्रों को मिला सुप्रीम कोर्ट के वकीलों का साथ

उधर, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सुप्रीम कोर्ट के वकीलों का भी साथ मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट की वकील महालक्ष्मी पावनी ने कहा- हम शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त कर रहे हैं। हम छात्रों पर पुलिस की कथित बर्बरता और हिंसा की निंदा करते हैं।

उन्होंने कहा- छात्र इस देश का भविष्य हैं और वे केवल अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। पुलिस को उनके साथ इस तरह की हिंसा नहीं करनी चाहिए थी। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि समाज के रक्षक ही कथित तौर पर हिंसक हमलावर बन गए और महिलाओं तथा छात्रों पर बल प्रयोग किया।

सुप्रीम कोर्ट की वकील ननिता शर्मा ने क्या कहा?

सुप्रीम कोर्ट की वकील ननिता शर्मा ने कहा- हम सभी यहां छात्रों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एकत्र हुए हैं। छात्रों के साथ जिस तरह की ज्यादतियां हुई हैं, हम उनके साथ खड़े हैं। बच्चे सिर्फ अन्याय और उस शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज उठा रहे थे।

उन्होंने कहा- उन छात्रों पर डंडे मारे गए। लाठीचार्ज हुआ। इलेक्ट्रिक करंट लगाया गया। वह सब हमारे बच्चे हैं। वो देश के भविष्य हैं। उनके साथ नाइंसाफी क्यों की जा रही है। सरकार उनके साथ बातचीत करने के लिए तैयार क्यों नहीं हो रही है। बातचीत से सब हल हो सकता है। यह बहुत शर्मनाक है।

Updated on:
23 Jul 2026 09:03 pm
Published on:
23 Jul 2026 09:03 pm