राष्ट्रीय

ओडिशा में आदिवासी उत्पीड़न के आरोपों पर घिरी BJP सरकार, मुख्य सचिव और DGP को NCST ने किया तलब

Odisha News: ओडिशा में आदिवासियों के कथित उत्पीड़न के मामले में BJD सांसद सस्मित पात्रा की शिकायत पर NCST ने मुख्य सचिव, DGP समेत आठ वरिष्ठ अधिकारियों को 2 दिसंबर को तलब किया है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:34 PM IST
NCST Summons Odisha Officials News
BJD सांसद सस्मित पात्रा (फोटो-ANI)

Odisha BJP: ओडिशा में बीजेपी सरकार के खिलाफ आदिवासियों के कथित उत्पीड़न के मामले में मुश्किले बढ़ती दिख रही है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) ने राज्य के मुख्य सचिव, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (DGP) समेत आठ वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया है।

दरअसल, विपक्षी बीजू जनता दल (BJD) के सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने अप्रैल 2026 में आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ उत्पीड़न, धमकी और पुलिस ज्यादती का मुद्दा उठाया था। शिकायत पर आयोग ने सभी अधिकारियों को 2 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में व्यक्तिगत रूप से पेश होने और मामले से जुड़े मूल दस्तावेज साथ लाने का निर्देश दिया है।

BJD सांसद ने उठाया आदिवासियों के उत्पीड़न का मुद्दा

राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने 12 और 20 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग में शिकायतें दर्ज कराई थी। इसके बाद उन्होंने 25 अगस्त को आयोग को 37 पेज का विस्तृत कानूनी और संवैधानिक ज्ञापन भी सौंपा था। इसमें रायगढ़ा और कालाहांडी जिलों के सिजिमाली क्षेत्र में आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ कथित पुलिस ज्यादती, धमकी और उत्पीड़न का मुद्दा उठाया गया था।

खनन परियोजना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं आदिवासी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सिजिमाली क्षेत्र में प्रस्तावित खनन परियोजना का विरोध कर रहे आदिवासी समुदाय के नेताओं और ग्रामीणों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्हें डराने-धमकाने के साथ उनके मानवाधिकारों और संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है। सांसद ने इसी मामले में आयोग से हस्तक्षेप करने और आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा की मांग की थी।

2 दिसंबर को आयोग के सामने पेश होंगे सांसद

NCST ने डॉ. सस्मित पात्रा को भी 2 दिसंबर को शाम 4 बजे नई दिल्ली में सुनवाई के लिए बुलाया है। आयोग ने ओडिशा सरकार के आठ वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसी मामले में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने को कहा है। इनमें मुख्य सचिव और DGP भी शामिल हैं। अधिकारियों को संबंधित मूल रिकॉर्ड और दस्तावेज लेकर आने के निर्देश दिए गए हैं।

सांसद बोले- आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा जरूरी

इस खबर के बाद डॉ. सस्मित पात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके आयोग की इस कार्रवाई को संस्थागत जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करना संवैधानिक जिम्मेदारी है। जब तक सिजिमाली के आदिवासी समुदायों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वह संवैधानिक मंचों पर न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।

Updated on:
28 Nov 2026, 9:34 PM IST
Published on: