
Operation Sindoor civil defence: भारत के पूर्व सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने यह बड़ा खुलासा किया है कि मई 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान देश के 427 जिलों में सिविल डिफेंस नेटवर्क (नागरिक सुरक्षा नेटवर्क) को सक्रिय किया गया था। रिटायरमेंट के बाद एक निजी क्षेत्र के कार्यक्रम में अपने पहले प्रमुख संबोधन के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम पहलुओं पर प्रकाश डाला।
जनरल द्विवेदी ने बताया कि, 7 मई 2025 को हमला शुरू होते ही देश के लगभग 427 जिलों में सिविल डिफेंस नेटवर्क को सक्रिय किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य सैन्य अभियान के दौरान 'सरप्राइज एलिमेंट' (अचानक हमला करने की रणनीति) को बनाए रखना और देश को व्यापक स्तर पर तैयार रखना था।
पूर्व आर्मी चीफ ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे में निजी सुरक्षा कर्मियों (Private Security Personnel) की भूमिका को बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा नेटवर्क और प्राइवेट सुरक्षा एजेंसियां भविष्य के संघर्षों के लिए देश को तैयार करने में समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य के युद्ध केवल देश की सीमाओं या नियंत्रण रेखा (LoC) पर ही नहीं लड़े जाएंगे। आने वाले समय में युद्ध बिजली संयंत्रों, औद्योगिक इकाइयों, खदानों, अस्पतालों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे (Critical Infrastructure) के दरवाजों पर भी तय होंगे।
पूर्व सेना प्रमुख ने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की वायु रक्षा प्रतिक्रिया की प्रभावशीलता किसी एक हथियार या प्रणाली का परिणाम नहीं थी, बल्कि कई परतों के एक साथ काम करने का परिणाम थी। उन्होंने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तानी ड्रोन को रोकने वाला कोई एक पुख्ता हथियार नहीं था। यह परतें थीं, एक संगठन के सेंसर, दूसरे के जैमर और तीसरे की बंदूकें, सभी एक फ्रेम में जुड़े हुए थे।
उन्होंने कहा कि, देश में निजी सुरक्षा कर्मी पहचान की पहली पंक्ति के रूप में काम करते हैं। निजी सुरक्षा कर्मियों को देश का सबसे बड़ा संभावित मानव सेंसर नेटवर्क बताते हुए उन्होंने उन्हें देश का पहला सेंसर कहा जो संदिग्ध गतिविधि का पता लगाने और जमीन से महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी प्रदान करने में सक्षम है।