
UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गठबंधन कर लिया है। इसका नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' (SPM) दिया गया है। हैदराबाद सांसद ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की तथाकथित धर्मनिरपेक्ष राजनीतिक पार्टियों पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ये पार्टियां मुसलमानों को अधिकारों वाले नागरिक के बजाय केवल वोट बैंक के रूप में देखती हैं। चुनाव के समय मुस्लिम समुदाय से वोट मांगे जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उसके मुद्दों और अधिकारों को नजरअंदाज कर दिया जाता है। यह बात असदुद्दीन ओवैसी ने NDTV को दिए इंटरव्यू में कही है।
इंटरव्यू के दौरान AIMIM सांसद ओवैसी आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन को बीजेपी के लिए फायदेमंद बताने वाले आरोपों को खारिज किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाया कि अगर उनकी पार्टी का चुनाव लड़ना विपक्षी वोटों का बंटवारा है, तो समाजवादी पार्टी का जम्मू-कश्मीर में चुनाव लड़ना और कांग्रेस का पंजाब में आम आदमी पार्टी के खिलाफ मैदान में उतरना किस राजनीति का हिस्सा है?
इस दौरान ओवैसी ने महाराष्ट्र में अपनी पार्टी के उम्मीदवार इम्तियाज जलील की हार का जिक्र करते हुए भी विपक्षी दलों की रणनीति पर सवाल उठाए।
असदुद्दीन ओवैसी ने बात करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से गठबंधन का प्रस्ताव दिए जाने की खबरों को भी खारिज किया। उन्होंने इसे 2026 का सबसे बड़ा झूठ बताया।
उन्होंने कहा कि गठबंधन का प्रस्ताव उन्होंने समाजवादी पार्टी को दिया था, लेकिन अखिलेश यादव ने इसे स्वीकार नहीं किया।
इस दौरान सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर रावण और खानाबदोश बोलने का भी आरोप लगाया। मुजफ्फरनगर दंगों के बाद प्रभावित मुस्लिम परिवारों की स्थिति का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि उन्होंने राहत शिविरों का दौरा किया था। यह उनके राजनीतिक जीवन का एक अहम मोड़ साबित हुआ।