राष्ट्रीय

इजरायल और ईरान के बीच जंग पर ओवैसी की मोदी सरकार से गुजारिश, सामने रखी ये मांग

Iran Israel Conflict: AIMIM के प्रमुख और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारत सरकार और तेलंगाना राज्य प्रशासन से ईरान और इराक में फंसे भारतीय नागरिकों को तुरंत निकालने की गुजारिश की है।

2 min read
Jun 15, 2025
असदुद्दीन ओवैसी (Photo- IANS)

Iran Israel Conflict: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच भारत के सैकड़ों नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है। इस मुद्दे को उठाते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने एक बड़ा बयान दिया है। ओवैसी ने बताया कि ईरान में करीब 1,595 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं, जिनमें तेहरान यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले 140 मेडिकल छात्र भी शामिल हैं।

ओवैसी ने भारतीय छात्र और नागरिकों पर जताई चिंता

ओवैसी ने यह भी बताया कि इराक में 183 भारतीय श्रद्धालु भी संकट में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस बेहद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (PAI) आनंद प्रकाश से संपर्क कर लिया है और इन सभी फंसे हुए भारतीयों की पूरी जानकारी उनके साथ साझा की है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय से भी किया अनुरोध

ओवैसी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अपील की है कि वे तत्काल निकासी अभियान (Evacuation Operation) शुरू करें ताकि वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया जा सके। साथ ही उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से भी अनुरोध किया है कि वह राज्य से संबंधित छात्रों और श्रद्धालुओं की वापसी के लिए तत्काल कार्रवाई करें।

भारतीयों की वापसी सुनिश्चित करने की गुजारिश

AIMIM प्रमुख ओवैसी ने अपने आधिकारिक ट्वीट में लिखा, 'ईरान में 1,595 भारतीय छात्र फंसे हुए हैं, जिनमें 140 मेडिकल छात्र तेहरान यूनिवर्सिटी में हैं। इसके अलावा, 183 भारतीय श्रद्धालु इराक में फंसे हैं। मैंने PAI के संयुक्त सचिव आनंद प्रकाश से संपर्क किया है और सभी की जानकारी साझा की है। अब जल्द से जल्द निकासी जरूरी है। मैं विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और तेलंगाना CMO से अपील करता हूं कि इनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।'

इराक में कई एयरस्पेस बंद

गौरतलब है कि ईरान और इजरायल के बीच चल रही सैन्य कार्रवाई के कारण पूरे क्षेत्र में हालात बेहद अस्थिर हैं। कई इलाकों में एयरस्पेस बंद कर दिए गए हैं, लगातार बमबारी और ड्रोन हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है।

इस स्थिति को देखते हुए ईरान और इजरायल में मौजूद भारतीय दूतावासों ने भी वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल भारत सरकार की ओर से इस मसले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन ओवैसी की ओर से निकासी की मांग ने सरकार पर इस दिशा में कार्रवाई के लिए दबाव जरूर बढ़ा दिया है।

Published on:
15 Jun 2025 08:50 am
Also Read
View All

अगली खबर