
Pakistan Minister Musadik Malik: दिल्ली में आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल समझौते को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मसूद मलिक गुरुवार को SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे थे। वहीं रविवार को फोरम का अंतिम दिन है, ऐसे में मीडिया से बात करते हुए मसूद मलिक ने सिंधु जल समझौते के साथ-साथ आतंकवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मसूद मलिक से जब सिंधु जल समझौते (Indus Water Treaty) को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे इस मामले पर अभी कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा कि भारत ने अभी इस मुद्दे के लिए नहीं बुलाया है। लेकिन अगर इस मुद्दे पर चर्चा का न्योता मिलता है, तो पाकिस्तान बातचीत के लिए भी तैयार है। ऐसे में मसूद का यह बयान सिंधु जल समझौते पर पाकिस्तान के रुख के तौर पर देखा जा रहा है।
आतंकवाद के मुद्दे पर भी मलिक ने अपना पक्ष रखा। मसूद मलिक कहते हैं कि पाकिस्तान और भारत दोनों ही देश आतंकवाद की चेपट में है। ऐसे में सिर्फ पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई भी चर्चा सिर्फ सबूतों के आधार पर ही होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह समस्या दोनों देशों की है ऐसे में हमे मिलकर ही इसका समाधान निकालना चाहिए।
मसूद मलिक के मुताबिक, आतंकवाद को खत्म करने के लिए दोनों देशों के बीच ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जहां सभी सबूत और तथ्य पारदर्शी तरीके से रखे जा सकें। उन्होंने कहा कि जब तक एक-दूसरे के सामने सभी सबूत नहीं रखे जाएंगे, तब तक मिलकर इस समस्या का समाधान करना मुश्किल होगा।
उनका कहना है कि क्षेत्र के सभी देशों को साथ आकर आतंकवाद खत्म करने की दिशा में काम करना चाहिए।उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र के देश आतंकवाद से प्रभावित हैं और पाकिस्तान के हजारों लोग भी कट्टरपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं।
भारत के साथ दूसरे मुद्दों पर बातचीत को लेकर मलिक ने कहा कि जब भारत द्विपक्षीय बातचीत का न्योता देगा, तब वे चर्चा के लिए मौजूद रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत जिन द्विपक्षीय सवालों के जवाब चाहता है, उन पर बातचीत के दौरान जवाब देंगे।
वहीं, अगले साल पाकिस्तान में होने वाले SCO शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने के सवाल पर मलिक ने उम्मीद जताई कि सभी देशों के नेता इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।