
Eknath Shinde Palghar Hospital Case : पणजी/मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर में निजी अस्पताल के कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट के मामले में शिवसेना ने कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने सोमवार को पालघर इकाई के प्रमुख राहुल घराट को निलंबित कर दिया। शिंदे ने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर उन्हें पार्टी से निष्कासित भी किया जाएगा। गोवा में आयोजित पश्चिम विभागीय परिषद की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने यह जानकारी दी।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पालघर में हुई घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। डॉक्टरों या अस्पताल के अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ऐसी घटनाओं का शिवसेना कभी समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अगर मरीज के साथ किसी तरह की लापरवाही या गलत व्यवहार हुआ था, तो इसकी कानूनी शिकायत की जानी चाहिए थी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेना उचित नहीं है और शिवसेना इसका समर्थन नहीं करेगी।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि डॉक्टर के साथ मारपीट करने के मामले में शिवसेना पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को निलंबित किया जाएगा और उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में डॉक्टरों के साथ मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिवसेना ऐसी किसी भी घटना का समर्थन नहीं करेगी।
यह मामला रविवार देर रात पालघर के एक निजी अस्पताल में हुआ। दही हांडी उत्सव के दौरान घायल हुए गोविंदाओं के इलाज और अस्पताल का बिल चुकाने को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं और अस्पताल कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शिवसेना के कुछ पदाधिकारियों ने अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, उन्हें धमकाया और मारपीट की। एक रिसेप्शनिस्ट को थप्पड़ मारने और अस्पताल के प्रतिबंधित आईसीयू क्षेत्र में प्रवेश करने का भी आरोप है।