
Pappu Yadav: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के काफिले की स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। सांसद के मुताबिक, सभी लोग सुरक्षित हैं और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। यह हादसा कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर हुआ। पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा, "जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई…" उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं से सभी की जान सुरक्षित है।
पप्पू यादव ने हादसे के लिए सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क बाढ़ के समय से ही क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक इसका समुचित निर्माण नहीं कराया गया।सांसद के मुताबिक, सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी। सड़क पर दूर तक सुरक्षा संकेत या अवरोधक भी नहीं लगाए गए थे।
पप्पू यादव ने बताया कि दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को उचित इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अगर बारिश नहीं हुई होती और मिट्टी गीली नहीं होती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। सांसद ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सांसद ने सड़क निर्माण से जुड़ी ठेकेदार कंपनी, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क पर खतरे का बोर्ड और चेतावनी व्यवस्था नहीं होने के बावजूद निर्माण कार्य कैसे जारी है। पप्पू यादव ने कहा कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद क्यों टूटती है? उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।