
Pappu Yadav Threat Latest Statement: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अपने ऊपर हुए हमले के बाद बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह से उन्हें चार बार फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। उनका आरोप है कि उनसे माफी मांगने का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पप्पू यादव ने न्यूज एजेंसी ‘ANI’ से बातचीत में कहा कि उन्हें लगातार धमकी भरे फोन आ रहे हैं। कोई खुद को ‘विश्व हिंदू परिषद’ तो कोई ‘बजरंग दल’ का आदमी बता रहा है। फोन पर कह रहा है कि अगर तुम बाहर निकले तो छोड़ा नहीं जाएगा…जान से मार दिया जाएगा। क्योंकि तुमने जो किया है, उसके लिए पहले माफी मांगो।
पप्पू यादव ने आगे कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि मैं किस बात की माफी मांगूं। मैंने किसी का नाम नहीं लिया और न ही किसी का अपमान किया है। आप ही चोरी कर रहे हैं। आप ही आम आदमी की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। आप ही भगवान को धोखा दे रहे हैं। अब मैं क्या शिकायत करूं? मैं तो अभी डॉक्टर को दिखाने गया था। मैं मुश्किल से बोल पा रहा हूं। मेरा सवाल सीधा है। हम सभी संतों का सम्मान करते हैं। मैंने किसी खास व्यक्ति का नाम नहीं लिया, न ही किसी को गाली दी।
पप्पू यादव ने बताया कि उनके घर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान उनके समर्थकों और कुछ लोगों के बीच हाथापाई भी हुई। यह केवल विरोध नहीं था, बल्कि मुझे नुकसान पहुंचाने की साजिश थी।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में दो लोगों की पहचान सुमित शर्मा और हैप्पी शर्मा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, सुमित शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उस पर कथित रूप से चाकू रखने का आरोप है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया है कि घटना के समय सुमित नशे की हालत में था। वहीं दूसरे आरोपी हैप्पी शर्मा पर कथित तौर पर चप्पल फेंकने का आरोप है। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दूसरी ओर, हैप्पी शर्मा ने चाकू रखने के आरोप से इनकार किया है। उनका कहना है कि उनकी केवल कहासुनी हुई थी और बाद में पप्पू यादव के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।