
Congress Leader Nana Patole (फोटो-वायरल वीडियो का स्क्रीशॉट)
Congress Leader Nana Patole Viral Video : मुंबई। महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और विधायक नाना पटोले एक बार फिर से चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यकर्ता दूध से उनके पैर धो रहे हैं और पूजा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो गुरु पूर्णिमा का है। उधर, ताजा वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा को आलोचना का मौका मिल गया है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री व पूर्व भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यही संस्कृति है। उन्हें ऐसी घटनाओं से सबक लेना चाहिए।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि नाना पटोले एक सोफे पर बैठे हैं, जबकि दो युवक उनके पैर धो रहे हैं और उन पर फूल बरसा रहे हैं। वीडियो में उनके पैरों के पास फल भी रखे हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि यह कांग्रेस नेताओं की संस्कृति को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं को ऐसी घटनाओं से सबक लेना चाहिए। वे ऐसे काम क्यों करते हैं जिससे केवल आलोचना और नकारात्मक पब्लिसिटी ही मिले? उन्हें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए।
एनडीटीवी के मुताबिक विवाद बढ़ता देख नाना पटोले ने इन आरोपों को खारिज किया और स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को भी ऐसा करने के लिए मजबूर नहीं किया था। उन्होंने कहा कि उस दिन गुरु पूजा थी। मेरे परिवार के दो छोटे सदस्य वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि वे मुझे अपना गुरु मानते हैं और सम्मान के तौर पर यह पूजा करना चाहते हैं।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब नाना पटोले किसी बयान पर विवाद खड़ा हुआ हो। इससे पहले भी वह अपने बयानों के कारण राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन चुके हैं।
दरअसल, नाना पटोले ने पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना भगवान श्रीराम से जोड़ते हुए बयान दिया था, जिस पर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी देश के शोषित और पीड़ित लोगों के लिए वही भूमिका निभा रहे हैं, जो भगवान श्रीराम ने अपने समय में निभाई थी।
Updated on:
03 Aug 2026 10:44 am
Published on:
03 Aug 2026 10:44 am
