
सुशांत दिवगीकर ने ट्रांजिशन पर की बात (Photo Source- sushantdivgikar)
Sushant Divgikar Transition: सिंगर, परफॉर्मर और LGBTQIA+ समुदाय की जानी-मानी आवाज सुशांत दिवगीकर ने पहली बार अपने मेडिकल ट्रांजिशन को लेकर खुलकर बात की है। एक भावुक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्होंने किसी के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी खुशी और पहचान के लिए लिया है। सुशांत ने कहा कि पिछले कई महीनों से वह डॉक्टरों की निगरानी में हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) ले रही हैं और यह उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा है। साथ ही उन्होंने बताया कि इसके बाद आने वाले बदलावों पर भी खुलासा किया।
सुशांत ने टाईम्स ऑफ इंडिया संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि ट्रांजिशन शुरू करने से पहले उन्होंने लंबे समय तक डॉक्टरों और मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स से सलाह ली थी। क्योंकि यह एक ऐसा फैसला है जिसे बाद में बदला नहीं जा सकता, इसलिए वह पूरी तरह आश्वस्त होना चाहती थीं। कई मेडिकल जांच और काउंसलिंग के बाद उन्हें HRT शुरू करने की अनुमति मिली। अब उन्हें इस थेरेपी को शुरू किए करीब पांच महीने हो चुके हैं और वह खुद को पहले से ज्यादा खुश महसूस कर रही हैं।
सुशांत ने आगे यह भी खुलासा किया कि उनका ट्रांजिशन साल 2023 में ही शुरू होना था, लेकिन फिल्म 'थैंक यू फॉर कमिंग' की शूटिंग के कारण उन्हें इसे टालना पड़ा था। इसके बाद स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं भी सामने आईं। लिवर, ब्लड प्रोफाइल, एनीमिया और आयरन की कमी जैसी दिक्कतों के चलते उन्हें कुछ समय इंतजार करना पड़ा। जब सभी रिपोर्ट सामान्य आईं और डॉक्टरों ने हरी झंडी दी, तब उन्होंने इस सफर की शुरुआत कर ली है।
सुशांत ने कहा कि साल 2027 तक वह अपना ट्रांजिशन पूरा कर लेना चाहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आगे चलकर उनका नाम 'रानी सुशांत दिवगीकर' होगा। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि 'सुशांत' नाम उनके माता-पिता ने दिया है, इसलिए वह हमेशा उनके लिए सुशांत ही रहेंगी। वहीं 'रानी' नाम उन्हें उनके चाहने वालों ने प्यार से दिया, इसलिए वह इसे अपने नाम का हिस्सा बनाएंगी।
इंटरव्यू में सुशांत ने अपनी आवाज को लेकर भी एक बड़ी गलतफहमी दूर की। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर मानते हैं कि एस्ट्रोजन लेने से आवाज बदल जाती है, जबकि ऐसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनकी आवाज उनकी सबसे बड़ी पहचान है और वह इसे कभी खोना नहीं चाहतीं। वह जीवनभर गाना और परफॉर्म करना चाहती हैं। उन्होंने उन लोगों के लिए भी खास संदेश दिया जो ट्रांजिशन के बारे में सोच रहे हैं। सुशांत ने कहा, "कभी देर नहीं होती। यह आपकी जिंदगी है, इसलिए फैसला भी आपका होना चाहिए। किसी और के लिए नहीं, सिर्फ अपने लिए यह कदम उठाइए।"
हार्मोन थेरेपी के बाद अपने शरीर में आए बदलावों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी त्वचा पहले से ज्यादा मुलायम हो गई है और शरीर में भी धीरे-धीरे बदलाव दिखाई देने लगे हैं। उनके मुताबिक, यह सिर्फ शारीरिक बदलाव नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और खुशी का भी नया एहसास है। यही वजह है कि वह अपने इस सफर को अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत फैसला मानती हैं।
Updated on:
03 Aug 2026 09:43 am
Published on:
03 Aug 2026 09:31 am
