2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jiah Khan Suicide Case: जिया खान मामले में सालों बाद सूरज पंचोली ने जारी किया भावुक बयान, दिवंगत अभिनेत्री की प्राइवेसी को लेकर कही ये बात

Sooraj Pancholi Statement On Jiah Khan Suicide Case: अभिनेता सूरज पंचोली ने 14 सालों बाद जिया खान मामले में भावुक बयान जारी किया है।
2 min read
Google source verification
Sooraj Pancholi Statement On Jiah Khan Suicide Case

सूरज पंचोली ने जिया खान मामले पर दिया बयान (फोटो सोर्स- Instagram/soorajpancholi)

Sooraj Pancholi Statement On Jiah Khan Suicide Case: अभिनेत्री जिया खान सुसाइड केस में अदालत से बरी होने के बाद अभिनेता सूरज पंचोली ने पहली बार लंबा और भावुक बयान जारी किया है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए अपने नोट में उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील की कि वे उनके बारे में 'आधे-अधूरे सच' और 'झूठी कहानियां' फैलाना बंद करें। सूरज ने कहा कि 14 साल तक चले मुकदमे के बाद अदालत ने सबूतों और कानून के आधार पर फैसला सुनाया है, इसलिए अब कानूनी रूप से कोई सवाल बाकी नहीं है।

'14 साल मेरी पूरी जिंदगी पर भारी पड़े'

सूरज पंचोली ने अपने पोस्ट में लिखा कि जब यह घटना हुई, तब उनकी उम्र केवल 20 साल थी और वह जिया खान को महज चार महीने से जानते थे। उस समय उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि जिया अपनी निजी जिंदगी में किन मानसिक और भावनात्मक संघर्षों से गुजर रही थीं।

उन्होंने कहा कि इसके बाद शुरू हुई कानूनी लड़ाई ने उनकी पूरी जवानी छीन ली। जिन वर्षों में उन्हें अपने करियर और भविष्य को संवारना था, वे अदालतों के चक्कर और आरोपों के बोझ के बीच बीत गए। उनके मुताबिक, केवल वही जानते हैं कि इन वर्षों में उन्होंने मानसिक और भावनात्मक रूप से कितना दर्द सहा।

'अदालत ने बरी किया, फिर भी लोग दोषी मानते हैं'

अभिनेता ने कहा कि उन्होंने हमेशा न्यायपालिका पर भरोसा रखा और अंततः अदालत ने उन्हें बरी कर दिया। उनका कहना है कि यदि अदालत के फैसले के बाद भी लोग उन्हें दोषी मानते हैं, तो उनके पास खुद को साबित करने का अब कोई दूसरा तरीका नहीं बचता।

सूरज ने यह भी याद दिलाया कि मुकदमे की पूरी कार्यवाही और अदालत के रिकॉर्ड सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं। ऐसे में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों को देखना जरूरी है।

'जिया की निजी बातें कभी सार्वजनिक नहीं कीं'

अपने बयान में सूरज पंचोली ने ये भी कहा कि उन्होंने कभी भी जिया खान की निजी जिंदगी, उनके व्यक्तिगत संघर्षों या दोनों के बीच हुई निजी बातचीत को सार्वजनिक नहीं किया। उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा जिया की गरिमा और निजता का सम्मान किया, जबकि खुद उन्हें लगातार आलोचना और आरोपों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने लिखा कि उनकी चुप्पी का मतलब यह नहीं है कि कोई भी उनके बारे में मनगढ़ंत कहानियां लिखे या बिना तथ्यों के उन्हें कठघरे में खड़ा कर दे। उन्होंने बदले में केवल निष्पक्षता और सम्मान की अपेक्षा जताई।

मीडिया से की जिम्मेदार रिपोर्टिंग की अपील

सूरज पंचोली ने अपने संदेश के अंत में मीडिया से अपील की कि इस मामले को केवल सनसनीखेज सुर्खियों के रूप में न देखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी के लिए यह महज एक खबर हो सकती है, लेकिन उनके लिए यह पूरी जिंदगी का सबसे कठिन दौर रहा है।

उन्होंने आग्रह किया कि यदि उनकी कहानी बताई जाए तो पूरी सच्चाई, तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ बताई जाए, ताकि भ्रामक जानकारी और अधूरी कहानियां किसी की जिंदगी को दोबारा प्रभावित न करें।

14 साल बाद आया था फैसला

गौरतलब है कि अभिनेत्री जिया खान की मौत के बाद सूरज पंचोली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद विशेष CBI अदालत ने सबूतों के अभाव में सूरज पंचोली को बरी कर दिया था। अब फैसले के बाद अभिनेता ने पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पूरे मामले पर भावुक प्रतिक्रिया दी है।

बड़ी खबरें

View All

मनोरंजन

ट्रेंडिंग