
Punjab Congress: कांग्रेस नेता परगट सिंह को पंजाब का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उन्होंने पार्टी की आगे की रणनीति और पंजाब के राजनीतिक माहौल को लेकर बड़ा बयान दिया है। परगट सिंह ने कहा कि पंजाब गुरुओं के नाम और उनकी शिक्षाओं से फलता-फूलता है। पंजाबियों ने हमेशा नफरत और विभाजन की राजनीति को हराया है और आगे भी इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाबियों ने हमेशा नफरत की राजनीति को पराजित किया है। वे कभी ऐसे लोगों को स्वीकार नहीं करते, जो नफरत की राजनीति करते हैं। पंजाब के लोगों को अपने राज्य के लिए खड़ा होना होगा।
उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार भी इसी तरह की राजनीति कर रही है। उन्होंने सरकारी कोठियों और पंजाब के खजाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इनका इस्तेमाल भी इसी तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को पंजाब के हितों के लिए एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।
नई जिम्मेदारी मिलने पर परगट सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और सोनिया गांधी को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग शांतिप्रिय हैं। पंजाब के इतिहास में विभाजन की राजनीति का दौर रहा है, लेकिन यहां की जनता ने हमेशा ऐसी राजनीति को हराया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पंजाब के लिए सकारात्मक और सार्थक राजनीति के साथ आगे बढ़ेगी और उन मुद्दों को एजेंडा बनाएगी, जो वास्तव में राज्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
पार्टी संगठन को लेकर परगट सिंह ने कहा कि उनकी टीम में कई अच्छे और अनुभवी नेता हैं। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण फैसले मिलकर और सर्वसम्मति से लिए जाएंगे। आने वाले दिनों में एक सौहार्दपूर्ण टीम के रूप में काम किया जाएगा।
पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अच्छा काम किया है और वे भी कांग्रेस की टीम का हिस्सा हैं। परगट सिंह ने कहा कि वह पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करते हैं, क्योंकि उनका मुख्य मुद्दा पंजाब है।
परगट सिंह ने महिला हॉकी टीम की जीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके लिए इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि महिला हॉकी टीम की जीत ने उन्हें बेहद खुशी दी और यह उनके लिए खास मौका है।
परगट सिंह ने दोहराया कि पंजाब के लोग शांति पसंद करते हैं और कांग्रेस राज्य में ऐसी राजनीति करेगी, जो सकारात्मक हो तथा पंजाब के वास्तविक मुद्दों और विकास के एजेंडे पर केंद्रित हो।