राष्ट्रीय

Punjab Politics: राजा वडिंग के बाद परगट सिंह को मिली पंजाब कांग्रेस की कमान, वडिंग के इस्तीफे के बाद नियुक्ति

Punjab Congress: राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद वड़िंग ने इस्तीफा सौंपा था।
2 min read
Pargat Singh news
परगट सिंह को मिली पंजाब कांग्रेस की कमान(फोटो-IANS)

Pargat Singh: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन हो गया है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। कांग्रेस के मुताबिक, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है। पार्टी ने निवर्तमान अध्यक्ष राजा वड़िंग के कार्यकाल में उनके योगदान की भी सराहना भी की है।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद वड़िंग ने दिया था इस्तीफा


राजा वड़िंग ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से अपना औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया था। मुलाकात के बाद वड़िंग ने कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है और उनसे किसी ने इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा था। वड़िंग ने बताया था कि राहुल गांधी ने पंजाब की राजनीतिक स्थिति और राज्य कांग्रेस के सामने मौजूद चुनौतियों को लेकर उनसे जानकारी ली। उन्होंने अपने करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल के अनुभव और पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों के बारे में भी राहुल गांधी से चर्चा की।

करीब साढ़े चार साल तक पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रहे वड़िंग


अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला था। अब उनके इस्तीफे के बाद परगट सिंह को यह जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी में पिछले कुछ समय से पंजाब इकाई के नेतृत्व को लेकर बदलाव की चर्चा चल रही थी। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।

कौन हैं परगट सिंह?


परगट सिंह जालंधर कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान व ओलंपियन रह चुके हैं। वह पंजाब सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। वह 2012 से पंजाब विधानसभा के सदस्य हैं। कांग्रेस की ओर से जारी नियुक्ति आदेश में कहा गया है कि पंजाब में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग कमेटियों के कार्यकारी अध्यक्ष, अध्यक्ष और सह-अध्यक्ष पहले की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।

Updated on:
02 Oct 2026 09:54 pm
Published on:
02 Oct 2026 09:48 pm