राष्ट्रीय

संसद गतिरोध पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला, बोले- कांग्रेस मुद्दे से भटका रही है

Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा। चिराग पासवान ने भी विपक्ष के हंगामे को लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया।
3 min read
Aug 12, 2026
President Nitin Nabin
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (सोर्स: x-ANI)

BJP President Nitin Nabin: संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूरे विपक्ष को मूल मुद्दों से भटकाया और संसद में गंभीर चर्चा नहीं होने दी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी विपक्ष के लगातार हंगामे और सदन की कार्यवाही बाधित करने की आलोचना की।

नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि संसद जनता के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का सर्वोच्च मंच है, लेकिन मानसून सत्र में विपक्ष ने चर्चा के बजाय व्यवधान का रास्ता अपनाया। उन्होंने विपक्ष के रवैये को लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बताया।

'कांग्रेस ने पूरे विपक्ष को मुद्दों से भटकाया'

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूरे विपक्ष को मूल मुद्दों से भटकाने और गुमराह करने का काम किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष का रवैया इस पूरे सत्र में अराजक और लोकतंत्र-विरोधी रहा। साथ ही, नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष ने शुरुआत में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी। उनका दावा है कि जब केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हुई तो विपक्ष ने चर्चा से ही पीछे हटने का रुख अपना लिया।

उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष बहस, चर्चा और बातचीत से क्यों भाग रहा था। भाजपा अध्यक्ष के मुताबिक, इससे साफ है कि विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है।

'हंगामे के कारण प्रश्नकाल से भी वंचित रहा देश'

नितिन नवीन ने कहा कि मानसून सत्र कई नए सांसदों के लिए पहला सत्र था, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण उन्हें संसद की कार्यवाही का बेहतर अनुभव नहीं मिल सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के रवैये के कारण प्रश्नकाल भी प्रभावित हुआ और जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में चर्चा नहीं हो सकी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है और यहां व्यवधान के बजाय गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

नितिन नवीन ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत में नेता प्रतिपक्ष का पद हमेशा उच्च संवैधानिक गरिमा वाला रहा है, लेकिन उनके अनुसार राहुल गांधी के व्यवहार से इस पद की गरिमा प्रभावित हुई है।

भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर अमर्यादित भाषा, अहंकार और गैरजिम्मेदार रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष गृह मंत्री अमित शाह का सामना करने से डर रहा था, इसलिए पूरे सत्र में मुद्दे बदलता रहा और चर्चा से बचता रहा। बता दें, उन्होंने दावा किया कि अमित शाह जब सदन में तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हैं तो विपक्ष उनके तर्कों का जवाब नहीं दे पाता। इसी वजह से विपक्ष चर्चा से बच रहा था।

चिराग पासवान ने भी विपक्ष को घेरा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी संसद में गतिरोध को लेकर विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप और सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयार होने के बावजूद विपक्ष ने सदन की कार्यवाही बाधित की।

चिराग पासवान ने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों, राम मंदिर और विपक्ष की ओर से उठाए गए अन्य विषयों पर चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार थी। उन्होंने कहा कि संसद देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है।

'समस्याओं का समाधान बहस और संवाद से निकलता है'

चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा, सवाल या तर्क है तो उसे सदन के भीतर उठाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान बहस और संवाद के जरिए निकलता है, न कि सदन की कार्यवाही बाधित करके। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र का हिस्सा है और उसका सम्मान होना चाहिए, लेकिन असहमति जताने का सबसे उचित मंच संसद है। चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि सरकार चर्चा से नहीं भाग रही थी और हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार थी।

उन्होंने विपक्ष के रवैये को संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि लगातार व्यवधान से लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचता है। मानसून सत्र में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार टकराव देखने को मिला है। विपक्ष ने कई मुद्दों पर सरकार से जवाब और चर्चा की मांग की, जबकि सरकार की ओर से विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने के आरोप लगाए गए। अब सत्र के दौरान जारी गतिरोध को लेकर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के ताजा बयानों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गया है।

Updated on:
12 Aug 2026 11:48 pm
Published on:
12 Aug 2026 11:37 pm