
Parliament Session 2026: केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक बुलाने की तैयारी पर सियासी विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस, लेफ्ट समेत कई विपक्षी पार्टियों ने सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। विपक्षी नेताओं का कहना है कि अगर सरकार को महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे मुद्दों पर चर्चा करनी थी, तो इसके लिए नियमित शीतकालीन सत्र का इस्तेमाल किया जा सकता था।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे तीन दिन का 'नाटक' बताया। वहीं, CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी कहा है कि अगर सरकार परिसीमन विधेयक लाती है, तो वह उसका विरोध करेगी।
कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने सवाल किया कि जब सरकार को महिला आरक्षण और परिसीमन पर चर्चा करनी थी, तो उसने शीतकालीन सत्र में ऐसा क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने शीतकालीन सत्र रद्द कर दिया और अब तीन दिन की बैठक बुलाकर कामकाज करने जा रही है। चौधरी ने सरकार पर स्वार्थी होने और संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे कुछ न कुछ गड़बड़ है।
CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने सरकार की ओर से बुलाई गई बैठक को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए बहुमत सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है। ब्रिटास ने इसे पिछले लोकसभा चुनाव के जनादेश को प्रभावित करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा दोबारा तैयार किया जा सकता है। ब्रिटास के मुताबिक, अगर सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आरक्षण देना है, तो मौजूदा लोकसभा की सदस्य संख्या के आधार पर भी यह व्यवस्था लागू की जा सकती है। CPI(M) सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का विरोध करेगी। उन्होंने बताया कि लेफ्ट के लोकसभा में आठ और राज्यसभा में छह सांसद हैं और वे विधेयक का विरोध करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
आम आदमी पार्टी ने भी परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि अगर सरकार संसद में परिसीमन विधेयक लाती है, तो AAP उसका विरोध करेगी।