
Parvesh Verma Slap Video: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा कथित तौर पर एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने इसे सत्ता का अहंकार बताते हुए कहा कि जो सरकार वोट चोरी से अपनी जीत को पक्का मान लेती है, उसे जनता की सहमति नहीं बल्कि केवल अंधभक्ति और खामोशी चाहिए।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "दिल्ली की बीजेपी सरकार के एक मंत्री वीडियो में एक युवक को थप्पड़ मारते हुए दिख रहे हैं। उसका अपराध? वह वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। काम दिखाने के लिए मंत्री के सामने सड़क खोदी जा रही थी और युवक के हाथ में कैमरा था। यह उस सरकार का चेहरा है जिसे अब वोटर का डर नहीं है।"
राहुल गांधी ने आगे लिखा, "सड़क पर सवाल पूछो तो थप्पड़। पेपर लीक पर सवाल पूछो तो लाठी। संसद में सवाल पूछो तो माइक बंद कर दिया जाता है। ये लोग ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अब इस बात का डर नहीं है कि चुनाव में उन्हें सत्ता से बाहर किया जा सकता है। वोट चोरी यही खरीदती है, सिर्फ चुनाव का नतीजा ही नहीं, बल्कि उसके बाद आने वाला अहंकार भी। जो सरकार जीत को पक्का मान लेती है, उसे आपकी रजामंदी नहीं चाहिए, उसे बस आपकी ख़ामोशी और अंधभक्ति चाहिए।"
वहीं, PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी वायरल वीडियो के बारे में सफाई दी है। उन्होंने बताया कि विकासपुरी रिंग रोड पर कई दिनों से सड़क बनाने का काम चल रहा था और वह उसी काम का निरीक्षण करने आए थे। वर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय AAP विधायक जरनैल सिंह PWD इंजीनियरों पर ठेकेदार से कमीशन लेने का दबाव बना रहे थे। मंत्री के अनुसार, एक इंजीनियर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और FIR दर्ज की जा रही है।
वर्मा ने आगे आरोप लगाया कि जब कमीशन नहीं मिला, तो सुबह नई बनी सड़क को खोद दिया जाता था, फिर इसका वीडियो बनाकर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते थे। वर्मा के अनुसार, सड़क का निरीक्षण करने से पहले उन्होंने जरनैल सिंह को तीन बार फोन किया और लगभग 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। उन्होंने बताया कि जब AAP विधायक मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ आए पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वर्मा ने कहा कि उन्होंने गुस्से में प्रतिक्रिया दी।