राष्ट्रीय

प्रवेश वर्मा के खिलाफ ACB जाएगी AAP, सौरभ भारद्वाज बोले- करप्शन का सबूत मिटाने के लिए युवक को मारा थप्पड़

Parvesh Verma Slap Case: दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ विवाद में आम आदमी पार्टी ने अब भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एंटी-करप्शन ब्रांच (ACB) के पास जाने का फ़ैसला किया है। दिल्ली AAP के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी और सबूत मिटाने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा है कि अगर ACB में शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो वे कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
2 min read
Saurabh Bharadwaj
आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज (Photo-IANS)

Parvesh Verma Slapgate: दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ विवाद में आम आदमी पार्टी ने अब भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के पास जाने का फैसला किया है। दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस सड़क के निर्माण को लेकर विवाद हुआ, वो PWD टेंडर के तहत जनता के पैसे से बनाई जा रही थी। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सड़क बेहद घटिया सामग्री से बनाई गई थी, जो हाथों से उखड़ रही थी और जब एक 22 साल के युवक ने इसका वीडियो बनाना चाहा, तो प्रवेश वर्मा ने भ्रष्टाचार का सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल छीनकर उसे थप्पड़ मारा। भारद्वाज ने कहा कि अगर ACB केस दर्ज नहीं करती है, तो पार्टी कोर्ट का रुख करेगी।

यह जनता का पैसा था, प्रवेश वर्मा का निजी पैसा नहीं - सौरभ भारद्वाज

ACB से संपर्क करने के फैसले के बारे में बताते हुए भारद्वाज ने कहा कि सड़क का निर्माण PWD टेंडर के तहत करोड़ों रुपये के सरकारी फंड से किया जा रहा था, यह प्रवेश वर्मा का निजी पैसा नहीं था। टेंडर की शर्तों और स्पेसिफिकेशन्स के हिसाब से काम होना चाहिए था। लेकिन वीडियो में साफ दिख रहा है कि ठेकेदार और इंजीनियरों ने मिलीभगत करके बहुत खराब क्वालिटी की सड़क बनाई, जो छूने पर ही टूट रही थी। मौके पर विधायक जरनैल सिंह ने प्रवेश वर्मा के सामने ही उस सड़क को हाथ से उखाड़कर दिखा भी दिया था।

प्रवेश वर्मा के खिलाफ मुकदमे की मांग

सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि प्रवेश वर्मा को खराब निर्माण के लिए जिम्मेदार कॉन्ट्रैक्टर और PWD अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की वकालत करनी चाहिए थी, लेकिन इसके उलट वे उन्हें डिफेंड कर रहे थे। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब पूरी बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही थी और प्रवेश वर्मा की भूमिका सामने आने लगी, तो उन्होंने 22 साल के एक लड़के का मोबाइल फोन छीन लिया और दूसरे हाथ से उसे थप्पड़ जड़ दिया। यह सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के सबूतों को नष्ट करने का आपराधिक मामला बनता है। इसलिए प्रवेश वर्मा, उन्हें मौके से भगाने वाले पुलिस अधिकारियों, पीडब्ल्यूडी के संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदार के खिलाफ एसीबी में मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही है।

प्रवेश वर्मा के खिलाफ पहले ही दर्ज हो चुकी है NCR

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस इस पूरे विवाद में प्रवेश वर्मा के खिलाफ पहले ही एक नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज कर चुकी है। इस रिपोर्ट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 के तहत जानबूझकर चोट पहुंचाने का आरोप दर्ज किया गया है। वहीं, इसी घटना को लेकर PWD की शिकायत पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई थी।

चुनाव आयोग पर भी बोले सौरभ भारद्वाज

इंडिया ब्लॉक की बैठक और चुनाव आयोग को लेकर जारी विवाद पर पूछे गए सवाल पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि देश का चुनाव आयोग पूरी तरह कॉम्प्रोमाइज्ड हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक दल या गठबंधन की नहीं है, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों और लोकतंत्र की हिफाजत की है। अगर यह लड़ाई अलग-अलग लड़ी जाएगी, तो बिखर जाएगी।

भारद्वाज ने बताया कि आम आदमी पार्टी 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के कामकाज के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली पुलिस को इसके बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया है।

Updated on:
30 Sept 2026 05:27 pm
Published on:
30 Sept 2026 05:27 pm