पटना में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी महिला पूजा ने हत्या के बाद पुलिस को फोन लगाकर चौंकाने वाली बात बताई।
पटना में शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने सिलबट्टे से कूचकर अपने प्रेमी की हत्या कर दी। इतने से भी सुकून नहीं मिला तो फिर पानी भरा मटका ले आई और उस पर पटका दिया। हत्या करने के बाद महिला घंटो लाश के पास बैठी रही। उसके बाद महिला ने पटना पुलिस को फोन लगाकर पूरी कहानी बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही पटना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान पटना निवासी पूजा के रूप में हुई है। वहीं, मृतक शख्स की पहचान मुरारी कुमार के रूप में हुई है। मुरारी बेंगलुरु में कार चलाता था। कुछ दिनों पहले पटना आया हुआ था। पुलिस ने कहा कि पूजा अपने पति से अलग रह रही थी। उसका और मुरारी का पिछले पांच साल से अफेयर चल रहा था।
आरोपी महिला पूजा ने पुलिस से कहा कि मुरारी चार साल से शादी का झांसा दे रहा था। इस दशहरा में ही शादी करने की बात की थी। जब बीती रात उससे इस बारे में बात की तो वह टालमटोल करने लगा। इसे लेकर हमारा झगड़ा हुआ। जब वह सो गया तो गुस्से में उसके सिर पर सिलबट्टा पटक दिया। इसके बाद लोढ़ा से उसके सिर को कूच दिया। फिर पानी भरा घड़ा उसके शरीर पर पटक दिया।
मृतक मुरारी के भाई मनोज यादव ने कहा कि आरोपी पूजा अपने नाम पर जमीन लिखवाना चाहती थी। मुरारी मसौढ़ी में जमीन खरीदने वाला था। उसने कुछ दिन पहले बहन से एक लाख रुपए मांगे थे। इसे लेकर पूजा और मुरारी में कई दिनों से विवाद चल रहा था।