राष्ट्रीय

JPSC-JSSC Protest: रांची में छात्रों के बीच पहुंचे अभिनेता-गायक पीयूष मिश्रा, कहा-छात्रों के आंसुओं ने मुझे यहां खींच लाया

JPSC-JSSC Protest: रांची में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा गड़बड़ी के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अभिनेता-गायक पीयूष मिश्रा का समर्थन मिला। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर 'आरंभ है प्रचंड' गाकर छात्रों में जोश भर दिया।
2 min read
Aug 08, 2026
piyush mishra
Piyush Mishra (Photo IANS)

रांची। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन 15वें दिन भी जारी है। इस बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों को मशहूर गायक और अभिनेता पीयूष मिश्रा का समर्थन मिला। पीयूष मिश्रा छात्रों के धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपना सुप्रसिद्ध गाना 'आरंभ है प्रचंड' गाकर युवाओं में नया जोश भर दिया, जिससे पूरा आंदोलन स्थल नारों और तालियों से गूंज उठा।

'छात्रों के आंसुओं ने मुझे यहां खींच लाया'

प्रदर्शनकारी युवाओं को संबोधित करते हुए और मीडिया से बातचीत में पीयूष मिश्रा ने कहा कि मैंने इनमें से कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे थे। जब मैंने उनकी आंखों में दर्द, उनका संघर्ष और उनके आंसू देखे, तो वही मेरे लिए यहां आने की सबसे बड़ी प्रेरणा बना। मेरे पास दो दिन का समय था, इसलिए मैंने खुद यहां आकर आप सभी युवाओं के साथ खड़े होने का फैसला किया। मुझे युवाओं से बेहद लगाव है।

आंदोलनकारियों को राशन और वित्तीय मदद

पीयूष मिश्रा ने बताया कि वह केवल नैतिक समर्थन देने ही नहीं आए हैं, बल्कि पिछले तीन-चार दिनों से जमीनी स्तर पर भी मदद का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों से छात्रों के लिए भोजन (राशन), वित्तीय सहायता और धरना स्थल पर बिछाने के लिए मैट व तिरपाल जैसी जरूरी चीजों की व्यवस्था कराई जा रही है। हम अपनी तरफ से जो भी बन पड़ेगा, लगातार करते रहेंगे।

सरकार और छात्रों के बीच दूसरे दौर की वार्ता बेनतीजा

वहीं, राज्य सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा रही। मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में यह बैठक करीब पौने दो घंटे तक चली। इस बैठक में सरकार के चार मंत्री और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा से जुड़े छात्र प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शामिल हुए।

वार्ता में छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक विवादित परीक्षाएं पूरी तरह रद्द नहीं की जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने 10 अगस्त को पूर्व निर्धारित विधानसभा घेराव करने की घोषणा भी दोहराई है। सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव ने छात्रों का पक्ष सुना। मंत्रियों ने अभ्यर्थियों से धरना स्थगित करने की अपील की। सरकार ने कहा कि वह परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गंभीर है।

Updated on:
08 Aug 2026 05:46 pm
Published on:
08 Aug 2026 05:46 pm
Also Read
View All
तमिलनाडु के मंदिरों में अब मोबाइल फोन बैन, 1 सितंबर से प्रवेश से पहले करना होगा जमा, लगेगा शुल्क

JPSC-JSSC Protest के समर्थन में उतरे आजसू प्रमुख सुदेश महतो, बोले- आयोगों को बना दिया बिक्री केंद्र, तुरंत हो CBI जांच

FCRA बिल पर सुप्रिया सुले ने जताया विरोध, बोलीं- ‘इसे जेपीसी के पास भेजा जाए’, झारखंड छात्र प्रदर्शन पर भी जताई चिंता

‘मेरा ब्लड शुगर और प्रेशर कम है, शरीर में पानी की बहुत कमी है,’ प्रदर्शन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने मांगें माने जाने का भरोसा जताया

राहुल गांधी vs किरेन रिजिजू: महिला आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, परिसीमन को लेकर आमने-सामने