Lok Sabha Elections 2024: पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए TMC और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिए जो पैसा देती है, वो TMC के नेता, मंत्री और तोलाबाज मिलकर खा जाते हैं।
Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वोट डालना मतलब लोकतंत्र को मजबूती देना। देश में आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान चल रहा है। सुबह से ही लोग उत्साह और उमंग के साथ लोकतंत्र का उत्सव मना रहे हैं। जो लोग मतदान के लिए उत्साह से निकल पड़े हैं, मैं उनका बहुत बहुत अभिनंदन करता हूं। मुझे विश्वास है टीएमसी और कांग्रेस जैसे दल फर्स्ट फेज में पस्त हो गए थे। दूसरे फेज में वह सभी ध्वस्त हो जाएंगे। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के मालदा उत्तर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए TMC और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘एक समय था जब बंगाल पूरे देश के विकास का नेतृत्व करता था, लेकिन पहले लेफ्ट और फिर TMC ने अपने शासन में बंगाल की इस महानता को चोट पहुंचाई। साथ ही कहा कि TMC के राज में बंगाल में एक ही चीज़ चलती है- हजारों करोड़ो के स्कैम, शारदा चीट फंड स्कैम, पशु तसकरी घोटाला, राशन घोटाले, कोयला घोटाले आदि। घोटाले TMC करती है और भुगतना बंगाल की जनता को पड़ता है। यहां कोई काम नहीं है जो बिना कमीशन के होता हो।’
पीएम मोदी ने कहा कि आपका इतना प्यार देखकर लगता है कि मैं पिछले जन्म में बंगाल में पैदा हुआ था या अगले जन्म में मैं बंगाल में किसी मां की गोद में जन्म लूंगा। उन्होंने कहा कि बंगाल के 50 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि के 8 हजार करोड़ रुपये सीधे भेजे गए हैं। लेकिन टीएमसी सरकार को देखिए, वो आपको लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ती। मैं केंद्र से बंगाल के विकास के लिए, जो पैसा भेजता हूं, वो TMC के नेता, मंत्री और तोलाबाज मिलकर खा जाते हैं। पीएम ने कहा कि मां-माटी-मानुष की बात कहकर सत्ता में आई TMC ने सबसे बड़ा विश्वासघात यहां की महिलाओं से ही किया है। BJP सरकार ने जब मुस्लिम बहनों को अत्याचार से बचाने के लिए तीन तलाक खत्म किया, तो TMC ने इसका विरोध किया। संदेशखाली में महिलाओं पर इतने अत्याचार हुए और टीएमसी सरकार आखिर तक मुख्य आरोपी को बचती रही। पीएम मोदी ने कहा कि TMC और कांग्रेस को जोड़े रखने का सबसे बड़ा चुंबक तुष्टिकरण है। तुष्टिकरण के लिए ये दोनों पार्टियां कुछ भी कर सकती हैं।