राष्ट्रीय

बेंगलुरु को मिली मेट्रो की नई सौगात, PM मोदी ने पिंक लाइन का किया शुभारंभ; जानें रूट और स्टेशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कालना अग्रहारा से तवरेकेरे तक के एलिवेटेड सेक्शन का उद्घाटन किया। करीब 3,470 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस कॉरिडोर में छह स्टेशन हैं। इसके शुरू होने से बेंगलुरु का मेट्रो नेटवर्क पहली बार 100 किलोमीटर के पार पहुंच गया है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 1:55 PM IST
Bengaluru Metro Pink Line
PM मोदी ने किया बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन (Photo/X-@DKShivakumar)

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की पिंक लाइन के कालना अग्रहारा से तवरेकेरे तक के एलिवेटेड सेक्शन का उद्घाटन किया। करीब 3,470 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस कॉरिडोर से शहर में मेट्रो कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को रोजाना आवागमन में आसानी होगी। इसके शुरू होने के साथ ही बेंगलुरु का परिचालन मेट्रो नेटवर्क पहली बार 100 किलोमीटर के पार पहुंच गया है। उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो में सफर भी किया। इस नए सेक्शन से कालना अग्रहारा से तवरेकेरे के बीच छह स्टेशन जुड़ेंगे। इससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा और सड़क यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

पिंक लाइन पर होंगे ये 6 स्टेशन

मेट्रो की पिंक लाइन के इस एलिवेटेड हिस्से में कुल छह स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें कालना अग्रहारा, हुलिमावु, आईआईएमबी (बिलेकहल्ली-आईआईएमबी), जेपी नगर फेज-4, जयदेव हॉस्पिटल और तवरेकेरे शामिल हैं। यह कॉरिडोर बेंगलुरु के प्रमुख रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ेगा।

3,470 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ सेक्शन

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, कालना अग्रहारा से तवरेकेरे तक के इस एलिवेटेड सेक्शन को तैयार करने में करीब 3,470 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह बेंगलुरु मेट्रो की बड़ी पिंक लाइन परियोजना का हिस्सा है। इस कॉरिडोर का अंडरग्राउंड सेक्शन वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने के बाद शहर में मेट्रो नेटवर्क का और विस्तार होगा।

15,600 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी के बेंगलुरु दौरे के दौरान 15,600 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है। इनमें शहरी परिवहन, बिजली ट्रांसमिशन, नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम इंफ्रास्ट्रक्चर, कचरा प्रबंधन और रेलवे से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की आधारशिला रखी और तिरुवनंतपुरम में एस-व्यासा (S-VYASA) के ऑफ-कैंपस का शुभारंभ भी किया।

Updated on:
13 Nov 2026, 1:55 PM IST
Published on: