PM Modi आज पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे पर जा रहे हैं। वह मणिपुर, मिजोरम और असम के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वह हजारों करोड़ों रुपए की सौगात देंगे।
PM Modi Northeast Visit: पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर पूर्वोत्तर के तीन राज्य जा रहे हैं। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। सबसे पहले वह मिजोरम (Mizoram) की राजधानी आइजोल पहुंचेंगे। यहां वे 1.38 किलोमीटर लंबे बैराबी-सैरांग रेल प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, आइजोल रेल मार्ग से जुड़ने वाला पूर्वोत्तर का चौथा राजधानी शहर बन जाएगा।
इससे पहले गुवाहाटी, अगरतला और ईटानगर रेल मार्ग से जुड़ चुके हैं। इस मौके पर पीएम मोदी आइजोल से दिल्ली, गुवाहाटी और कोलकाता से जोड़ने वाली तीन नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें सैरांग-आनंद विहार (दिल्ली) राजधानी एक्सप्रेस (साप्ताहिक), कोलकाता-सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस (सप्ताह में तीन दिन) और गुवाहाटी-सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस (दैनिक) शामिल हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर मिजरोम में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद हैं।
आइजोल में जनता को संबोधित करने के बाद पीएम मोदी मणिपुर (PM Modi manipur Visit) के लिए रवाना होंगे। मई 2023 में मणिपुर में शुरू हुई जातीय हिंसा के बाद उनका यह पहला दौरा होगा। इस मौके पर पीएम मोदी चुराचांदपुर और इंफाल में कुल 8500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का अनावरण करेंगे। कुकी-जो बाहुल्य इलाके चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वहीं, मैतेई बाहुल्य इलाके इंफाल के कांगला में 1,200 करोड़ रुपए की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। मालूम हो कि मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच हिंसा के कारण फरवरी 2024 से राष्ट्रपति शासन लागू है।
इंफाल से पीएम मोदी असम के गुवाहाटी जाएंगे। 13 व 14 सितंबर को वह गुवाहाटी में रहेंगे। यहां भारत रत्न भूपेन हजारिका की जन्मशताब्दी के मौके पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही, असम को 19,000 करोड़ रुपए की सौगात देंगे। पीएम मोदी असम के दरांग जिले में दरांग मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ एक नर्सिंग और एक जीएनएम स्कूल की आधारशिला रखेंगे। वहीं, नारेंगी- कुरुवा पुल और गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।