
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के किसी भी प्रयास का जवाब मजबूती और निर्णायक तरीके से दिया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था। पीएम ने इसे भारत के इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का एक नया उदाहरण पेश किया।
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि एक बड़ा ऐतिहासिक पड़ाव पूरा होने जा रहा है- सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष। दस वर्ष पहले 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने PoK में आतंकवादी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। हमारे वीर जवानों ने जिस तरह LoC पार कर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की, उससे पूरी दुनिया हैरान रह गई थी।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में आतंकवाद के खिलाफ की गई अन्य सैन्य कार्रवाइयों का भी जिक्र किया। उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने लगातार यह स्पष्ट संदेश दिया है कि देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने वालों को जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में बालाकोट एयरस्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने बार-बार स्पष्ट संदेश दिया है- अगर आतंकवादी भारत पर बुरी नजर डालने की हिम्मत करेंगे, तो उन्हें करारा जवाब मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ के दौरान जनगणना (Census) का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से जनगणना की प्रक्रिया में सहयोग करने और इसे राष्ट्रीय दायित्व के रूप में देखने की अपील की।