राष्ट्रीय

‘FIR वापस ली जाए, पीएम मोदी मेरी बेटी को गोद लें, आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली किशोरी की मां की प्रधानमंत्री से भावुक अपील

PM मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली किशोरी की मां ने सुरक्षा, FIR वापस लेने और बेटी को उसका अधिकार दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को सोशल मीडिया पर दरिंदगी और हत्या की धमकियां मिल रही हैं।
2 min read
Aug 01, 2026
PM Modi Remark Girl Mother, PM Modi Controversy, CJP Protest, Girl Mother Statement, PM Modi News,
PM मोदी से किशोरी की मां की भावुक अपील (फोटो - आईएएनएस)

PM Modi Remark Girl Mother: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय किशोरी की मां ने शनिवार को सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को सोशल मीडिया पर ज्यादती और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी को गोद लें उसे रहने की जगह मिले और उसके पिता के घर में उसका कानूनी हक दिलाया जाए।

हमें सुरक्षित जगह पर रखा जाए

किशोरी की मां ने कहा कि उन्हें और उनकी बेटी को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनके परिवार के साथ कोई घटना होती है तो कुछ लोग इसका आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या उनके समर्थकों पर लगा सकते हैं। इसलिए सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराए।

मेरी बेटी को उसका हक मिलना चाहिए

उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में बेटी को अपने पिता के घर में रहने और संपत्ति में उसका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी और बेटा दोनों एक ही घर में अपने अधिकार के साथ रहें।

PM मोदी से की गोद लेने की अपील

किशोरी की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा प्रधानमंत्री मेरी बेटी को गोद ले लें। उसे रहने के लिए जगह मिले और उसका अधिकार सुनिश्चित किया जाए।

FIR वापस लेने की मांग

किशोरी की मां ने कहा कि उनकी बेटी के खिलाफ दर्ज FIR अभी तक वापस नहीं ली गई है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि इस मामले में दर्ज FIR वापस ली जाए।

15 साल की बच्ची को मिल रहीं दरिंदगी की धमकियां

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनकी बेटी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। मां के मुताबिक, कुछ लोग 15 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी करने और उसे जान से मारने जैसी धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक गलती के लिए किसी नाबालिग को इस तरह निशाना बनाना क्या सही है।

उन्होंने कहा, "अगर मेरी बेटी बड़ी होकर देश के लिए शहीद होती तो मुझे गर्व होता। लेकिन आज मुझे दुख है कि एक 15 साल की बच्ची को दरिंदगी और हत्या की धमकियां दी जा रही हैं।"

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद 30 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के विरोध प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ। प्रदर्शन के दौरान एक 15 वर्षीय किशोरी का वीडियो सामने आया, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करती दिखाई दी। वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की। इसके बाद किशोरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर माफी मांगी और कहा कि उससे गलती हो गई थी। अब उसकी मां का कहना है कि बेटी को सोशल मीडिया पर दरिंदगी और हत्या की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने सरकार से सुरक्षा देने, FIR वापस लेने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी बेटी की मदद करने की अपील की है।

Updated on:
01 Aug 2026 07:34 pm
Published on:
01 Aug 2026 07:34 pm