राष्ट्रीय

PM Modi AT SRCC: ‘धुरंधर ना हो, लेकिन धूम तो मचाई है’, मेट्रो से SRCC पहुंचे पीएम मोदी, छात्रों से की बातचीत

PM Modi मेट्रो से SRCC के शताब्दी समारोह में पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। कार्यक्रम में उन्होंने कॉलेज के एलुमिलाई को 'OG' बताया और कहा कि सिर्फ SRCC कहना ही अपने आप में फ्लेक्स है।
2 min read
Sep 05, 2026
pm modi
SRCC पहुंचे पीएम मोदी(फोटो-ANI)

PM Modi SRCC: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए मेट्रो से पहुंचे। सफर के दौरान उन्होंने ट्रेन में मौजूद बच्चों और छात्रों से बातचीत की। इसके बाद SRCC के कार्यक्रम में उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों और उसके पूर्व छात्रों की जमकर तारीफ की। शताब्दी समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने कॉलेज की शताब्दी पुस्तक का विमोचन भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने SRCC की पहचान, यहां से पढ़कर निकले लोगों और कॉलेज के लंबे इतिहास का जिक्र किया।

'SRCC कहना ही अपने आप में फ्लेक्स'

PM मोदी ने कहा कि आज भी दिल्ली यूनिवर्सिटी में जब कोई पूछता है कि आप किस कॉलेज से हैं और जवाब में 'SRCC' कहा जाता है तो यह अपने आप में काफी है। उन्होंने इसे कॉलेज की मजबूत पहचान बताते हुए कहा कि सिर्फ SRCC कहना ही एक तरह का 'फ्लेक्स' है। प्रधानमंत्री ने कहा कि SRCC का शताब्दी समारोह कॉलेज के लिए ही नहीं, बल्कि देश के शिक्षा क्षेत्र के लिए भी ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की कई पीढ़ियां इस समारोह में एक साथ आई हैं और उन्होंने सभी को शताब्दी वर्ष की बधाई दी।

'SRCC के एलुमिलाई तो OG हैं'

SRCC के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें 'OG' यानी अपने क्षेत्र में पुरानी और खास पहचान रखने वाले लोगों के तौर पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि SRCC के पूर्व छात्रों ने दुनिया भर में कॉलेज का नाम रोशन किया और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी जिक्र किया और बताया कि जेटली अक्सर अपने SRCC के दिनों के किस्से शेयर किया करते थे। PM मोदी ने कहा कि उनकी अरुण जेटली से शायद ही कोई ऐसी मुलाकात हुई हो, जिसमें उन्होंने SRCC के दिनों का कोई किस्सा न सुनाया हो। कभी-कभी वह एक ही घटना बार-बार सुनाते थे। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ काम कर रहे संजीव सान्याल भी SRCC के पूर्व छात्र हैं।

'धुरंधर ना हो, लेकिन धूम तो मचाई है'

प्रधानमंत्री ने SRCC के पूर्व छात्रों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इस कॉलेज ने सिर्फ अर्थशास्त्र के क्षेत्र में ही प्रतिभाएं नहीं दी हैं। यहां से कलाकार, राजनेता, वकील और जज समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोग निकले हैं। इसी दौरान उन्होंने अपने अंदाज में कहा, 'धुरंधर ना हो, लेकिन धूम तो मचाई है।'

2013 के भाषण का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 2013 के भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उस भाषण की काफी चर्चा हो रही है। लोगों ने उसे फिर से सुना और पढ़ा है। PM मोदी ने कहा कि संभव है कि नई पीढ़ी के लोगों ने भी उस भाषण को दोबारा देखा हो। उन्होंने कहा कि उस समय दिए गए भाषण ने एक 'लहर' पैदा की थी और करीब 13-14 साल बाद भी उस कार्यक्रम और भाषण का असर दिखाई देता है। आपको बता दें कि पीएम मोदी 2013 में भी इस कॉलेज में आये थे और भाषण दिया था।

मेट्रो में छात्रों से बातचीत

SRCC पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेट्रो में सफर किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों और छात्रों से बातचीत की। उनका मेट्रो से कॉलेज पहुंचना भी चर्चा में रहा।

Updated on:
05 Sept 2026 08:28 pm
Published on:
05 Sept 2026 08:17 pm