प्रधानमंत्री मोदी ने सभी राज्य सरकारों से आग्रह किया कि वे उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, जो गैस सिलेंडरों की कालाबाज़ारी और जमाखोरी कर रहे हैं।
PM Modi on Gas Black Marketing: वैश्विक ऊर्जा संकट और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। इस स्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी राज्य सरकारों से कड़े कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग इस संकट का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी करेंगे, उनके खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने लोकसभा में पश्चिम एशिया संघर्ष पर चर्चा के दौरान कहा, 'जब ऐसी वैश्विक संकट की स्थिति आती है, तो कुछ लोग अनुचित लाभ उठाने की कोशिश करते हैं। इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली सभी एजेंसियां अलर्ट पर हैं। चाहे तटीय सुरक्षा हो, सीमा सुरक्षा, साइबर सुरक्षा या रणनीतिक स्थल—सबकी सुरक्षा और मजबूत की जा रही है।'
उन्होंने कोविड-19 महामारी के समय की याद दिलाते हुए कहा कि देश ने एकजुट होकर उस चुनौती का सामना किया था। अब भी वैश्विक युद्ध के कारण ऊर्जा की मुश्किल स्थिति लंबे समय तक बनी रह सकती है। इसलिए हमें तैयार रहना होगा। पीएम मोदी ने कहा, 'हम कोविड के समय की तरह एकजुट होकर इस संकट से भी पार पा लेंगे। धैर्य, संयम और शांत मन से हर चुनौती का सामना करना हमारी पहचान और ताकत है।
एलपीजी पर विशेष रूप से बात करते हुए उन्होंने अफवाहें फैलाने वालों पर निशाना साधा। कुछ लोग झूठ फैलाकर दहशत पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकारों से अपील की, 'ऐसे समय में कालाबाजारी और जमाखोरी करने वाले सक्रिय हो जाते हैं। सख्त निगरानी जरूरी है। जहां भी ऐसी शिकायतें आएं, वहां तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।'
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, रविवार तक देशभर में 3,500 से अधिक छापेमारी की गईं, जिसमें 1,200 से ज्यादा गैस सिलेंडर जब्त किए गए। ये कार्रवाई बिहार, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में हुई। सरकार ने घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बताई है, लेकिन पैनिक बुकिंग और जमाखोरी से कृत्रिम कमी पैदा हो रही है।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि अगर केंद्र, राज्य सरकारें और हर नागरिक साथ मिलकर काम करेंगे, तो कोई भी चुनौती पार की जा सकती है। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों का जिक्र किया और लोगों से शांति बनाए रखने तथा अनावश्यक घबराहट से बचने की अपील की।
यह संकट मुख्य रूप से ईरान-इजराइल तनाव से प्रभावित वैश्विक सप्लाई चेन पर निर्भर है, लेकिन सरकार का दावा है कि घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कालाबाजारी रोकने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं और वाणिज्यिक एलपीजी पर राशनिंग लागू की गई है। देश को एकजुट रहने और संकट से निपटने की अपील करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'हम सब मिलकर हर चुनौती पर विजय प्राप्त करेंगे।'