राष्ट्रीय

CM रेवंत रेड्डी की मांग पर PM मोदी का दिलचस्प जवाब, बोले- ‘मेरे साथ आ जाइये, नहीं तो फायदा आधा मिलेगा’

PM Modi Revanth Reddy: प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी को जोरदार तंज मारते हुए कहा- 'मेरे साथ गठबंधन कर लो, वरना फायदा आधा हो जाएगा।
2 min read
PM Modi Revanth Reddy
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी। (फोटो- ANI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तेलंगाना पहुंचे। उन्होंने अपने भाषण के दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के लिए हल्के-फुल्के अंदाज में एक ऐसा तंज मारा कि पूरा कार्यक्रम हंसते-हंसते लोट-पोट हो गया।

पीएम मोदी ने कहा- मैंने जितना गुजरात के लिए किया है, वैसे ही सपोर्ट आपको भी देने को तैयार हूं, लेकिन जानता हूं कि ऐसा करते ही आपको जो मिल रहा है, वो आधा हो जाएगा। इसलिए बेहतर है कि आपको मेरे साथ ही आ जाओ।'

9400 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का उद्घाटन

पीएम मोदी ने यह बयान हैदराबाद में 9400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान दिया। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कई बड़ी परियोजनाओं की नींव रखी और कुछ को राष्ट्र को समर्पित भी किया।

रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री से अपील की थी कि तेलंगाना को भी वैसा ही सपोर्ट मिले जैसा मनमोहन सिंह के समय गुजरात को मिला था।

उन्होंने कहा था- जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री, तब 10 साल में गुजरात मॉडल बना। आज तेलंगाना के लोग भी मुझसे यही उम्मीद रखते हैं कि अगले 10 साल में तेलंगाना मॉडल बने और 2034 तक हम 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बना लें।

पीएम मोदी ने क्या दिया जवाब?

प्रधानमंत्री ने इस अपील पर चुटकी लेते हुए कहा कि केंद्र तेलंगाना को पूरा सहयोग देने को तैयार है, लेकिन सलाह दी कि अकेले चलने से बेहतर है कि वे उनके साथ कदम मिलाकर चलें। पीएम मोदी का यह अंदाज लोगों को काफी पसंद आया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पिछले 12 साल में देशभर में इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व काम हुआ है। तेलंगाना में भी राष्ट्रीय राजमार्गों पर 1.75 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क पिछले 11 साल में दोगुना हो गया है।

रेलवे से जुड़े आंकड़े देते हुए पीएम मोदी ने बताया कि पहले संयुक्त आंध्र प्रदेश में इस इलाके को 1000 करोड़ से भी कम रेल बजट मिलता था। अब सिर्फ तेलंगाना को 5500 करोड़ रुपये का रेल बजट मिल रहा है। करीब 50 हजार करोड़ रुपये के रेल प्रोजेक्ट्स राज्य में चल रहे हैं।

तेलंगाना को क्या मिली सौगात?

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने वारंगल में पीएम मित्रा पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन किया। यह देश का पहला पूरी तरह काम कर रहा पीएम मित्रा पार्क है। इसकी लागत करीब 1700 करोड़ रुपये है। यह फार्म टू फाइबर टू फैक्ट्री टू फैशन टू फॉरेन का विजन पूरा करेगा।

इसके अलावा हैदराबाद में सिंधु हॉस्पिटल को राष्ट्र को समर्पित किया गया। यह कैंसर पर फोकस वाला अत्याधुनिक मल्टी-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है।

Updated on:
10 May 2026 07:28 pm
Published on:
10 May 2026 07:28 pm