राष्ट्रीय

सुखबीर बादल पर हमले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने पत्नी हरसिमरत कौर से फोन पर की बात, अकाली दल ने पंजाब सरकार को घेरा

Sukhbir Singh Badal: नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हमले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने पत्नी हरसिमरत कौर से फोन पर बात की है। वहीं अकाली दल नेता दलजीत सिंह चीमा ने पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
Aug 13, 2026
Sukhbir Badal Attacked news
सुखबीर बादल पर हमले के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने जाना हालचाल(फोटो-X/@rsrobin1)

PM Narendra Modi: महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर हमला हो गया। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की। फोन पर उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी उनका हालचाल जाना है।

अकाली दल ने जाब सरकार पर लगाया आरोप


हमले के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अकाली दल के वरिष्ठ नेता दलजीत सिंह चीमा ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर अमृतसर में सुखबीर बादल पर हुए पिछले हमले की ठीक से जांच की गई होती और पंजाब सरकार ने मामले का राजनीतिकरण नहीं किया होता, तो नांदेड़ में हुआ हमला शायद रोका जा सकता था।

दलजीत चीमा बोले- 'साजिश के पीछे कौन है, पता लगाना होगा'

अकाली दल नेता दलजीत सिंह चीमा ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद गंभीर घटना है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले श्री दरबार साहिब, अमृतसर के सामने भी सुखबीर बादल पर जानलेवा हमला हुआ था। चीमा ने कहा कि उस घटना की अगर सही तरीके से जांच हुई होती और पंजाब सरकार ने उसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया होता, तो नांदेड़ में आज हुआ हमला शायद टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे कौन है और क्या कोई साजिश थी, इसकी जांच जरूरी है।

अमृतसर हमले का भी किया जिक्र

चीमा ने सुखबीर बादल पर दिसंबर 2024 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर हुए हमले का भी जिक्र किया। उस घटना में एक हमलावर ने बादल पर गोली चलाने की कोशिश की थी, जिसे सुरक्षाकर्मियों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी की तत्परता से नाकाम कर दिया गया था।

नांदेड़ में सुखबीर बादल पर कैसे हुआ हमला?

सुखबीर सिंह बादल बुधवार को अपने परिवार और करीबी सहयोगियों के साथ तीन दिवसीय दौरे पर नांदेड़ पहुंचे थे। गुरुवार को वह अपनी पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ गुरुद्वारा साहिब में मौजूद थे। इसी दौरान एक निहंग ने कथित तौर पर कृपाण से उन पर हमला कर दिया। हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट आई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हमलावर को काबू कर लिया। घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

हमले के बाद सुखबीर बादल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है और वह खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Updated on:
13 Aug 2026 05:46 pm
Published on:
13 Aug 2026 05:29 pm