राष्ट्रीय

‘पीएम नरेंद्र मोदी ने मेरे लिए खरीदा मेट्रो टिकट’, डी.के. शिवकुमार के पास नहीं थे पैसे तो प्रधानमंत्री ने किया अपने स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल

कर्नाटक के सीएम डी.के. शिवकुमार ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी ने उनके लिए मेट्रो टिकट खरीदा। किस वजह से पीएम मोदी ने ऐसा किया? आइए जानते हैं।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 8:14 PM IST
PM Narendra Modi buys metro ticket for D.K. Shivakumar
पीएम नरेंद्र मोदी ने खरीदा डी.के. शिवकुमार के लिए मेट्रो टिकट (Photo - ANI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने 13 नवंबर को बेंगलुरु में नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन किया। यह लगभग 7.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन है, जो कलेना अग्रहारा से तवरेकेरे तक जाता है और इसकी लागत करीब 3,470 करोड़ रूपए है। बेंगलुरु मेट्रो नेटवर्क अब 100 किलोमीटर से भी ज़्यादा हो गया है और पिंक लाइन के इस हिस्से से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने खुद मेट्रो में सफर भी किया। उनके साथ कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार (D.K. Shivakumar), बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्ण बायरे गौड़ा (Krishna Byre Gowda) और बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या (Tejasvi Surya) भी मौजूद रहे। इस दौरान हुए एक मज़ेदार वाकये के बारे में शिवकुमार ने बताया।

पीएम मोदी ने शिवकुमार के लिए खरीदा मेट्रो टिकट

मेट्रो स्टेशन के टिकट काउंटर पर पीएम मोदी और शिवकुमार आम यात्रियों की तरह पहुंचे। इस दौरान दोनों ने मुस्कुराते हुए बातचीत भी की। मेट्रो को हरी झंडी दिखाते समय पीएम मोदी ने शिवकुमार का हाथ पकड़कर साथ में झंडा लहराया। फिर मेट्रो में बैठकर तवरेकेरे से आईआईएम बेंगलुरु स्टेशन तक दोनों ने साथ सफर किया। आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवकुमार ने बताया कि जब वह पिंक लाइन मेट्रो में सफर कर रहे थे, तब उनके पास टिकट खरीदने के पैसे नहीं थे। ऐसे में उन्होंने पीएम मोदी को यह बात बताई और उनसे टिकट खरीदने के लिए कहा। ऐसे में पीएम मोदी ने अपना मेट्रो स्मार्ट कार्ड स्वाइप करके कर्नाटक सीएम के लिए भी टिकट खरीद लिया।

विकास और सहयोग के रास्ते में राजनीतिक मतभेद नहीं आने चाहिए

उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी के व्यवहार और उनकी बातचीत के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि राष्ट्रीय हित में विकास और सहयोग के रास्ते में राजनीतिक मतभेद नहीं आने चाहिए। उन्होंने कहा, "देखिए, हम सभी को राष्ट्र के हित में मिलकर काम करना है। मैंने कल भी यही कहा था कि राजनीति को सिर्फ चुनाव लड़ने तक ही सीमित रहना चाहिए। जब ​​राजनीति की बात आए, तब राजनीति करें। क्या विकास और राजनीति के बीच फर्क नहीं होना चाहिए? पीएम मोदी भी चाहते हैं कि विकास हो।"

Updated on:
14 Nov 2026, 8:14 PM IST
Published on: