
Prabhas Mondal Encounter: पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के बारुईपुर में बच्ची से दरिंदगी और हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में शामिल प्रभाष मंडल की मंगलवार को पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति भी गर्मा गई है। एक ओर विपक्ष पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इसे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए गए अपने चुनावी वादे को पूरा करने वाला कदम बताया है।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए BJP के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में किसी भी अपराधी या दुष्कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने महिलाओं से भय आउट, भरोसा इन का जो वादा किया था, सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। मीडिया से बातचीत में भट्टाचार्य ने कहा, प्रधानमंत्री का संदेश स्पष्ट था कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। हमने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करके दिखाया है। कोई भी अपराधी कानून से बच नहीं पाएगा।
पुलिस के मुताबिक, बारुईपुर हत्या मामले में गिरफ्तार प्रभाष मंडल को मंगलवार को घटनास्थल का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) कराने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश की और हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी को रोकने के लिए गोली चलानी पड़ी। गंभीर रूप से घायल प्रभास मंडल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, प्रभाष मंडल के पुलिस एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष इस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है, जबकि BJP इसे अपराध के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का उदाहरण बता रही है।
खबर अपडेट की जा रही है।