
Bankipur MLA Prashant Kishor: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान दावा किया कि बिहार में लागू शराबबंदी कानून पूरी तरह से फर्जी है और इसके कारण राज्य अब 'उड़ता पंजाब' की तर्ज पर 'उड़ता बिहार' बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो भविष्य में समाज को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
बांकीपुर में स्थानीय समस्याओं पर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इलाके के हर वार्ड में स्थानीय लोग सूखे नशे को लेकर शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले तीन साल से लगातार कह रहे हैं कि राज्य में शराबबंदी कानून फर्जी साबित हुआ है। भ्रष्ट पुलिस अधिकारियों और शराब माफियाओं की मिलीभगत से आज नशा घर-घर तक पहुंच गया है। उन्होंने याद दिलाया कि दो साल पहले ही उन्होंने कहा थी कि यह फर्जी कानून बिहार को 'उड़ता बिहार' बना देगा और अब वही हकीकत सबके सामने आ रही है।
बिहार में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार का मुखिया और सत्ता का चरित्र अपराधी रहेगा, तब तक बिहार में अपराध मुक्त समाज की कल्पना करना बेमानी होगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि राज्य में अपराध, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन इसलिए नहीं रुक रहा क्योंकि जनता ने उनके खिलाफ वोट नहीं किया। लोगों ने जाति, धर्म और राजनीतिक दलों के नाम पर वोट दिया है, इसलिए हत्या, लूट और अपराध का यह सिलसिला अगले चार साल तक बदस्तूर जारी रहेगा।
जातीय जनगणना और राहुल गांधी को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर प्रशांत किशोर ने कहा कि गिरिराज सिंह को अनावश्यक बयानबाजी और बकवास बंद करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वह ज्यादा बोलेंगे तो उनकी पूरी कुंडली जनता के सामने आ जाएगी, जिसके बाद वह कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि गिरिराज सिंह बेगूसराय में कुशवाहा समाज का वोट पाने के लिए सम्राट चौधरी के पक्ष में राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब बेगुसराय की बेटी के साथ होटल में जबरदस्ती की गई या NEET छात्रा के साथ बालात्कार और हत्या की घटना हुई तो गिरिराज सिंह ने अपना मुंह नहीं खोला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कपड़ा मंत्री रहते हुए भी उन्होंने बिहार में एक रुपये की भी फैक्ट्री नहीं लगायी। वे केवल झटका मीट, हलाल मीट और हिंदू-मुस्लिम जैसे ध्रुवीकरण के मुद्दों पर राजनीति करते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि अब गिरिराज सिंह की उम्र हो गई है और नीतीश कुमार के बाद अब उनके रिटायरमेंट का भी समय आ गया है।