
Prashant Kishor vs BJP: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर द्वारा सीएम सम्राट चौधरी पर दिए बयान को लेकर भाजपा ने प्रतिक्रिया दी किया है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे असल में 'परेशान किशोर' बन गए हैं, जिनका काम सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें करना है, जबकि जमीनी स्तर पर उनका काम न के बराबर है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर को मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने के बजाय अगर कोई तथ्य है तो उसे अदालत के सामने रखना चाहिए।
प्रशांत किशोर के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि अगर सिर्फ FIR में नाम होने से कोई अपराधी बन जाता है, तो प्रशांत किशोर का नाम खुद आठ अलग-अलग FIR में दर्ज है, यह बात उनके अपने हलफनामे की कॉपी से साफ पता चलती है। कुंतल कृष्ण ने कहा कि अब जिस व्यक्ति पर आठ मामले दर्ज हों, उसे खुद तय करना चाहिए कि वह किस स्तर का अपराधी है, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय?
कुंतल कृष्ण ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और सरकार पर बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोप सिर्फ मीडिया की सुर्खियां बटोरने के लिए लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रशांत किशोर के पास ठोस सबूत या तथ्य हैं, तो उन्हें अदालत जाना चाहिए, वरना उन्हें ऐसी राजनीतिक नौटंकी और धोखेबाजी से बचना चाहिए।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने के बजाय प्रशांत किशोर को अपनी विधानसभा सीट और समिति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए जवाबदेह होना चाहिए, क्योंकि बांकीपुर और बिहार के लोग अब सिर्फ बयानबाजी के बजाय जमीनी हकीकत देखना चाहते हैं।
प्रशांत किशोर ने गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर पलटवार किया था जिसमें उन्होंने पीके को 'बेचारा' कहा था। प्रशांत किशोर ने कहा था, "हम तो बेचारे हैं ही, क्योंकि हमारे पास बिहार को छोड़कर जाने का कोई चारा नहीं है। बेचारा वह होता है जिसके पास कोई दूसरा रास्ता न बचे। हम सम्राट चौधरी जैसे अनपढ़ और अपराधी छवि के लोगों के हाथ में बिहार का भविष्य छोड़कर नहीं जा सकते। बिहार को सुधारने के संकल्प के सामने हमारे पास पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं है, और उस नजरिए से हम पूरी तरह बेचारे हैं।"