Presidential Election Result: देश के अगले राष्ट्रपति कौन होंगे, इसका फैसला कल हो जाएगा। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को हुई वोटिंग की गिनती कल होगी। जिसके बाद देश को 15वें राष्ट्रपति मिल जाएंगे।
Presidential Election Result: राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना कल होगी। इसकी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। 18 जुलाई को वोटिंग के बाद सभी राज्यों से मतपेटी को दिल्ली मंगा लिया गया है। कल संसद भवन के कमरा नंबर 63 में वोटों की गिनती होगी। दोपहर बाद से शाम तक नतीजे साफ हो जाने की उम्मीद है। जानकारों के अनुसार एनडीए प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से हो रहा है।
18 जुलाई को पूरे देश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। जिसकी काउटिंग के लिए सभी राज्यों की विधानसभाओं से मतपेटियां दिल्ली पहुंच चुकी है। चुनाव आयोग के अधिकारियों की देखरेख में पूरी पारदर्शिता के साथ वोटों की गिनती होगी। बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में 99% से ज्यादा वोटिंग हुई थी। मतदान के दौरान एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग भी कई राज्यों में हुई थी।
11 बजे से शुरू होगी वोटिंग, दोपहर बाद तक नतीजे-
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मतगणना की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संसद भवन के जिस कमरे में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हुआ था, उसी कमरा नंबर 63 में काउंटिंग भी होगी। मतगणना सुबह 11 बजे शुरू की जाएगी। दोपहर बाद तीन से चार बजे तक स्थिति स्पष्ट हो जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
सबसे पहले संसद भवन में पड़े वोटों की गिनती-
बताते चले कि राष्ट्रपति चुनाव की काउटिंग संसद भवन में पड़े वोटों से शुरू होगी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी बारी से निकाली जाएंगी। पहले 10 राज्यों में आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, गुजरात, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और झारखंड शामिल होंगे।
द्रौपदी मूर्मु के गांव में लड्डू बनना शुरू-
राष्ट्रपति चुनाव में मतदाता मंडल में कुल 4809 मतदाता हैं। इनमें 776 सांसद जबकि 4033 विधायक हैं। सांसदों के एक मत का मूल्य 700 है जबकि विधायकों के एक वोट का मूल्य अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग है। यूपी के विधायकों के वोट का मूल्य सबसे ज्यादा 208 है, जबकि सिक्किम के विधायकों के वोट का मूल्य सबसे कम 7 है। एनडीए सांसद और विधायकों की संख्या और चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर द्रौपदी मूर्मु देश का 15वां राष्ट्रपति बनना तय है। उनके गांव में पहले से लड्डू बनाए जा रहे हैं।