राष्ट्रीय

प्रियंका गांधी का मोदी सरकार पर हमला, बोलीं- भारत में अब लोकतंत्र नहीं, तानाशाही चल रही है

Priyanka Gandhi on Modi government : कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि देश में अब लोकतंत्र नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में तानाशाही चल रही है।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
priyanka gandhi
प्रियंका गांधी। फाइल फोटो- पत्रिका

Priyanka Gandhi on Modi government : नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को कुचल दिया गया है और सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने के लिए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में ले रही है। प्रियंका ने कहा कि देश में अब लोकतंत्र नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में तानाशाही चल रही है।

प्रियंका गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पहले 254 सांसदों के साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में लिया गया और उनके बुनियादी संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया गया। इसके बाद विपक्षी दलों के अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ भी ऐसा ही व्यवहार किया गया।

दिल्ली की घेराबंदी और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई का आरोप

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली को चारों तरफ से बैरिकेड लगाकर सील कर दिया गया। ट्रेनों की आवाजाही रोकी गई, मेट्रो सेवाएं ठप की गईं, इंटरनेट बंद किया गया और जगह-जगह जांच चौकियां बनाई गईं। उन्होंने कहा कि अपने संवैधानिक अधिकार के तहत प्रदर्शन कर रहे युवक-युवतियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया।

चुनाव आयोग की मिलीभगत का भी लगाया आरोप

प्रियंका गांधी ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावों में धांधली की गई है और सरकार अपनी वैधता पर उठ रहे सवालों तथा जवाबदेही की मांग से डरी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये घटनाएं चुनावों में धांधली और सरकार की घबराहट का सबूत नहीं हैं, तो फिर और क्या प्रमाण चाहिए?

लोकतंत्र कमजोर करने वालों पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में लोकतंत्र की जगह तानाशाही ने ले ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने में सरकार का साथ देने वाले सभी लोग राष्ट्र के साथ देशद्रोह कर रहे हैं।

Updated on:
10 Oct 2026 04:58 pm
Published on:
10 Oct 2026 04:51 pm