राष्ट्रीय

Bihar Politics: बेटे को मंत्री बनाने पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में हुआ विरोध, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने दिया इस्तीफा

दीपक प्रकाश को मंत्री बनाने का उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में विरोध शुरू हो गया है। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने इस्तीफा दे दिया।
2 min read
Nov 26, 2025
bihar election 2025 bihar politics deepak prakash
दीपक प्रकाश को मंत्री बनाने पर RLM में हुआ विरोध (Photo-X)

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए सरकार ने शानदार जीत दर्ज की। नीतीश कैबिनेट में उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को भी जगह मिली है। अब दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने पर उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में विरोध शुरू हो गया है। RLM के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसको लेकर उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को पत्र भेज दिया है। 

पत्र में क्या लिखा

उपेंद्र कुशवाहा को भेजे पत्र में नेताओं ने लिखा कि वे पार्टी द्वारा लिए गए फैसलों से सहमत नहीं है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि वह पिछले 9 साल से उनके साथ काम कर रहे हैं। लेकिन अब पार्टी द्वारा लिए गए कई निर्णयों से वह खुद को नहीं जोड़ पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अब काम करना संभव नहीं है, इसलिए पद और पार्टी से इस्तीफा देना ही उचित है।

मंत्री बनाने पर उठे सवाल

बता दें कि दीपक प्रकाश ने चुनाव नहीं लड़ा था और न ही विधान परिषद के सदस्य है। उपेंद्र कुशवाहा ने अपने जीते हुए प्रत्याशियों की जगह बेटे पर भरोसा जताया और RLM कोटे से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया। दीपक प्रकाश के मंत्री बनने पर उपेंद्र कुशवाहा पर विपक्ष की तरफ से सवाल उठने शुरू हो गए। वहीं परिवारवाद को लेकर भी सवाल खड़े किए गए। अब चर्चा है कि एमएलसी चुनाव में उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाकर सदन भेजा जाएगा।

पार्टी में नेताओं में बढ़ी नाराजगी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बजाय परिवार के सदस्यों को प्राथमिकता दिए जाने से नाराज़गी बढ़ी है, कुछ लोगों ने इसे "एकतरफ़ा फ़ैसला" बताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और भी इस्तीफ़े हो सकते हैं।

RLM ने जीती 4 सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने प्रदेश की 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी 89 सीट जीतकर प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी बनी। वहीं दूसरे नंबर पर जेडीयू रही। जेडीयू ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने 6 प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था, जिनमें से चार सीटों पर जीत हासिल की।

Updated on:
26 Nov 2025 07:04 pm
Published on:
26 Nov 2025 06:23 pm