
BS6 Vehicle: हर साल बनने वाले प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर अब बड़ी राहत सामने आई है। अब यह एक साल के लिए नहीं बल्कि तीन साल के लिए वैध रहेगा। सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी कर इस बात की जानकारी दी है। ऐसे में अब BS-6 मॉडल वाहनों के लिए पॉल्यूशन सर्टिफिकेट एक नहीं तीन साल चलेगा। उसे हर साल रिन्यू नहीं करना पड़ेगा। वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने केंद्रीय मोटर यान नियम, 1989 में बदलाव किया है। नए नियमों के मुताबिक, वाहनों को उनकी श्रेणी के आधार पर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
नए नियमों के मुताबिक यह छूट केवल BS-6 के वाहनों के लिए हैं। इसके अलावा BS-1, BS-2 और BS-3 मॉडल वाले वाहनों के लिए तीन महीने में एक बार प्रदूषण जांच कराना जरूरी होगा। वहीं, BS-4 के वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
नए नियमों के तहत BS-6 मॉडल वाली निजी गाड़ियों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता अब गाड़ी की उम्र के हिसाब से तय की गई है। नए नेियमों के मुताबिक, छह साल तक पुरानी निजी गाड़ी का पीयूसी सर्टिफिकेट एक बार बनवाने पर तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, छह से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए हर साल पीयूसी रिन्यू कराना होगा। 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों की हर छह महीने में प्रदूषण जांच कराकर नया सर्टिफिकेट बनवाना जरूरी होगा।
कमर्शियल यानी ट्रांसपोर्ट वाली BS-6 गाड़ियों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। छह साल तक पुरानी कमर्शियल गाड़ी का पीयूसी सर्टिफिकेट दो साल तक वैध रहेगा। छह से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए हर साल और 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों के लिए हर छह महीने में पीयूसी बनवाना होगा।
सरकार की ओर से ये नए नियम 13 नवंबर 2026 को अधिसूचित किए गए थे। 19 नवंबर 2026 को सरकारी राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही ये लागू हो गए हैं। हालांकि, BS-1, BS-2 और BS-3 श्रेणी की गाड़ियों के लिए हर तीन महीने और BS-4 गाड़ियों के लिए हर छह महीने में पीयूसी जांच कराने का नियम पहले की तरह जारी रहेगा।