
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप कार्यालय पर हाल ही में हुई केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की कार्रवाई को लेकर राज्य में सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीबीआई की कार्रवाई को आगामी चुनाव से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। वहीं, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवाल सिंह ढिल्लों ने पलटवार करते हुए कहा कि सीबीआई की कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी के कहने पर नहीं, बल्कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत हुई है।
धूरी में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कैंप कार्यालय पर सीबीआई की छापेमारी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पंजाब में जल्द चुनाव होने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले बड़े नेताओं, उनके सहयोगियों और परिवार के सदस्यों के यहां जांच एजेंसियों की कार्रवाई करवाती है। मान ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के साथ भी ऐसा ही हुआ। दिल्ली और हरियाणा में भी इसी तरह की कार्रवाई हुई।
भगवंत मान ने कहा कि इन कार्रवाइयों से साफ है कि भाजपा बौखलाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि छापेमारी में कुछ भी नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवाल सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब पुलिस को पत्र लिखकर किसी भी तरह की गलती, चोरी या गड़बड़ी करने वाले के खिलाफ जांच करने को कहा था। लेकिन जब इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई और मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो अदालत ने ईडी और सीबीआई को छापेमारी के आदेश दिए। ढिल्लों ने कहा कि सीबीआई की कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार हुई है। ऐसे में इस मामले में भाजपा का क्या लेना-देना है।