
फोटो में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (सोर्स- ANI)
Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुमन समेत छह लोगों के खिलाफ दर्ज CBI केस में जांच एजेंसी ने नामजद लोगों को पूछताछ के लिए समन भेजे हैं। इससे पहले CBI ने चंडीगढ़ स्थित CM के कैंप ऑफिस समेत पंजाब और चंडीगढ़ में आठ ठिकानों पर तलाशी ली थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने CBI की कार्रवाई को लेकर BJP पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से कुछ महीने पहले बड़े नेताओं, उनके सहयोगियों या परिवार के सदस्यों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई की जाती है और पंजाब में भी चुनाव होने वाले हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी का काम करने का तरीका यही है। चुनाव से दो-तीन महीने पहले विरोधी नेताओं, उनके साथियों और परिवार के लोगों पर रेड करवाई जाती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सीबीआई की इस रेड से ही समझ आ रहा है कि पंजाब में चुनाव आने वाले हैं।
सीबीआई की कार्रवाई पर बात करते हुए सीएम मान ने दावा किया कि जांच एजेंसी ने उनके करीबियों के ठिकानों पर करीब 7 से 8 घंटे तक तलाशी ली, लेकिन टीम को वहां से कुछ भी हासिल नहीं हुआ। एजेंसी अंत में खाली हाथ लौटी। उन्होंने मांग की कि अब सीबीआई को आधिकारिक तौर पर क्लीन चिट देनी चाहिए और जनता को बताना चाहिए कि घंटों चली इस रेड में उन्हें आखिर मिला क्या?
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जनसभाओं में भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे घबराकर यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी द्वारा पंजाब में निकाली गई 'नशा विरोधी यात्रा' पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई है। उनके पास राज्य में उठाने के लिए कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे ऐसे हथकंडे अपना रहे हैं।
सीएम मान ने दिल्ली, बंगाल और छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी पहले भी इन राज्यों में यही नीति अपना चुकी है। दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे बड़े नेताओं पर चुनाव से ठीक पहले भ्रष्टाचार के केस बनाकर उन्हें जेल भेजा गया, लेकिन अंत में मामलों में कुछ नहीं निकला। पंजाब में भी यही कहानी दोहराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन जांच में कुछ भी साबित नहीं होगा।
Updated on:
07 Oct 2026 01:47 pm
Published on:
07 Oct 2026 01:13 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
