राष्ट्रीय

पंजाब नगर निकाय चुनाव में AAP का दबदबा, कांग्रेस दूसरे नंबर पर, BJP पांचवें स्थान पर

Punjab Civic Polls 2026: पंजाब नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 957 वार्डों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, जबकि भाजपा पांचवें नंबर पर खिसक गई।

2 min read
May 30, 2026
Punjab Civic Polls Result 2026 (AI Image)

Punjab Civic Polls Result 2026: पंजाब के नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी दलों को काफी पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार को आए नतीजों में AAP ने 1,977 वार्डों में से 957 वार्ड जीतकर स्पष्ट बढ़त हासिल की। कांग्रेस 397 वार्ड जीतकर दूसरे स्थान पर रही, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका लगा और वह पांचवें स्थान पर खिसक गई।

नतीजों के अनुसार निर्दलीय उम्मीदवारों ने 251 वार्डों में जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया। शिरोमणि अकाली दल (SAD) 191 वार्ड जीतकर चौथे स्थान पर रहा, जबकि भाजपा केवल 167 वार्डों पर ही जीत दर्ज कर सकी। बहुजन समाज पार्टी (BSP) को 7 वार्डों में सफलता मिली।

ये भी पढ़ें

India Export Crisis: विदेशी बंदरगाहों पर अटकी भारतीय फसलें, चीन ने लौटाया चावल तो जापान ने भारतीय आमों पर लगाया बड़ा बैन

जीत के बाद AAP में जश्न

नतीजे सामने आते ही राज्यभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। पार्टी कार्यालयों के बाहर ढोल-नगाड़ों की धुन पर कार्यकर्ता नाचते नजर आए और मिठाइयां बांटी गईं। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जीत के लिए पंजाब की जनता का आभार जताया।

केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने ED पार्टी को जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के छोटे व्यापारियों और आम लोगों को परेशान करने वालों को जनता ने चुनाव में करारा जवाब दिया है।

भगवंत मान ने भी जताई खुशी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी चुनाव परिणामों को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने विकास और काम की राजनीति पर भरोसा जताया है। मान ने कहा कि नफरत की राजनीति को लोगों ने नकार दिया है और AAP की नीतियों को समर्थन दिया है।

मोहाली और पठानकोट में भी मजबूत प्रदर्शन

नगर निकाय चुनावों में AAP ने कई महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्रों में भी शानदार प्रदर्शन किया। मोहाली नगर निगम में पार्टी ने 50 वार्डों में से 20 से अधिक सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त बनाई। वहीं पठानकोट जैसे क्षेत्र में भी पार्टी ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 23 वार्डों पर जीत दर्ज की।

पंजाब राज्य चुनाव आयोग के अनुसार 26 मई को 102 नगर निकायों के लिए मतदान हुआ था। इनमें आठ नगर निगम, 75 नगर परिषदें और 19 नगर पंचायतें शामिल थीं। 80 वार्डों में उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे।

विपक्ष के लिए चेतावनी

नगर निकाय चुनावों के नतीजे आगामी राजनीतिक मुकाबलों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में AAP की मजबूत पकड़ ने यह संकेत दिया है कि पार्टी अभी भी पंजाब की राजनीति में प्रभावशाली स्थिति में बनी हुई है। वहीं कांग्रेस दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद AAP से काफी पीछे नजर आई, जबकि भाजपा का पांचवें स्थान पर पहुंचना पार्टी के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें

Mosquito Research: डेंगू-जीका फैलाने वाले मच्छरों को ट्रेनिंग दे रहे वैज्ञानिक, रिसर्च में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
Also Read
View All