राष्ट्रीय

पंजाब के CM भगवंत मान की तबीयत बिगड़ी, मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में एडमिट

Bhagwant Mann Hospitalised: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ गई है, जिसके कारण उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में तत्काल भर्ती कराया गया है।
2 min read
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Photo-IANS)

Punjab CM Bhagwant Mann Hospitalised: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की शुक्रवार को तबीयत बिगड़ गई है। सीएम मान को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में तत्काल भर्ती कराया गया है। अपनी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान के साथ उन्हें आइसोलेशन आईसीयू में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी अचानक बिगड़ती सेहत ने अधिकारियों और आम जनता दोनों के बीच चिंता पैदा कर दी है। स्वास्थ्य बिगड़ने पर डाक्टरों ने मुख्यमंत्री मान को अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी, इसके तुरंत बाद उनको फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कैबिनेट बैठक रद्द

शुक्रवार को चंडीगढ़ में होने वाली कैबिनेट बैठक रद्द कर दी गई। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मान को तेज़ बुखार होने के कारण ऐसा किया गया। उनकी बीमारी के कारण वे गुरुवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर गए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ भी नहीं जा सके।

वायरल फीवर और डाइजेशन की समस्या

आपको बता दें कि बीते दो दिन से भगवंत मान की तबीयत खराब चल रही थी। बताया जा रहा है कि पंजाब सीएम वायरल फीवर और डाइजेशन की समस्या से जूझ रहे है। वे दवा खाकर घर पर ही आराम कर रहे थे, लेकिन तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। ब्लडप्रेशर के उतार और चढ़ाव के कारण उनके शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अब तक 43 लोगों की मौत, 5 लाख परिवार संकट में

पिछले कुछ दिनों से पंजाब में बाढ़ का कहर जारी है। विमाशकारी बाढ़ की वजह से अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बाढ़ ने 1900 गांवों को प्रभावित किया, 4 लाख एकड़ जमीन जलमग्न हो गई और 5 लाख परिवार संकट में हैं। आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर अशोक मित्तल ने पंजाब की विनाशकारी बाढ़ में जान गंवाने लोगों के परिवार को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में स्थायी नौकरी देने की घोषणा की है।

1000 से अधिक 'आपदा मित्र' होंगे तैनात

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित एमवाई भारत मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बाढ़ प्रभावित पंजाब और हिमाचल प्रदेश में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) से प्रशिक्षित 1 हजार से अधिक 'एमवाई भारत आपदा मित्रों' को सक्रिय रूप से तैनात किया जाएगा।

Updated on:
05 Sept 2025 10:57 pm
Published on:
05 Sept 2025 09:00 pm