राष्ट्रीय

Punjab Election 2027: पंजाब चुनाव को लेकर कांग्रेस ने क्या बनाई रणनीति? संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने किया खुलासा

Punjab Assembly Elections: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। केसी वेणुगोपाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। 4 नवंबर से राहुल गांधी की महारैली के साथ कांग्रेस अभियान की शुरुआत करेगी।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 2:23 PM IST
Punjab Assembly Elections
केसी वेणुगोपाल ने पंजाब चुनाव की तैयारियों को लेकर दी जानकारी (Photo-IANS)

Punjab Assembly Elections: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने आज पंजाब कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मैराथन बैठकें कीं। इन बैठकों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता (सीएलपी), जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्षों, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, सचिवों, कार्यकारी अध्यक्षों और चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के बाद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है। राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है और पंजाब नशा माफिया का केंद्र बन गया है। कांग्रेस का लक्ष्य इन बुराइयों को खत्म कर पंजाब को इन ताकतों से बचाना और राज्य में दोबारा सरकार बनाना है।

4 नवंबर से शुरू होगा कांग्रेस का चुनावी अभियान

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस 4 नवंबर से पंजाब में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेगी। इस मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी पंजाब पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। फिलहाल बैठक में रैली की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जा रही है।

राहुल गांधी का पंजाब के लोगों से खास जुड़ाव: वेणुगोपाल

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी का पंजाब की जनता से गहरा जुड़ाव है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में लोग राहुल गांधी की सोच और विचारों के साथ जुड़ रहे हैं। खासकर युवा और जेनरेशन Z के बीच उनके विचारों को समर्थन मिल रहा है।

पंजाब में सरकार बनाने का कांग्रेस ने जताया भरोसा

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब में सरकार बनाने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि पार्टी इन चुनौतियों से निपटने और पंजाब को बेहतर दिशा देने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

वहीं कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कहा कि आज महासचिव केसी वेणुगोपाल पंजाब के दौरे पर हैं। आज पहली बैठक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, हमारे तीन महासचिवों, सभी कार्यकारी अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ होगी। इसके बाद, हमारी राजनीतिक मामलों की समिति (पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी) की बैठक होगी। इसके बाद, हमारे क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ बैठक होगी।

Updated on:
26 Oct 2026, 2:23 PM IST
Published on: