
राहुल गांधी(फोटो-IANS)
Rahul Gandhi on Delhi traders demand: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित INDIA गठबंधन की रैली को स्थगित करने की व्यापारियों की मांग पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। व्यापारियों के प्रति सहानुभूति जताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे उनकी चिंताओं को पूरी तरह समझते हैं, लेकिन राजधानी में पाबंदियां लगाने, सड़कों को सील करने और मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का काम सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को उनके पद से हटा दें, तो यह पूरा आंदोलन मात्र 30 सेकंड में समाप्त हो जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने दिल्ली के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्ष उनके साथ खड़ा है और उन्हें उनके कारोबार की चिंता है, लेकिन आज देश में लोकतंत्र और वोट देने के अधिकार की रक्षा करना सबसे अहम मुद्दा बन गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने मेट्रो सेवाएं बंद कर दी हैं, सड़कें सील कर दी हैं और पूरी राजधानी को मानो ठप कर दिया है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, "दिल्ली के हर व्यापारी से हम प्यार करते हैं, आपकी बात सुन रहे हैं। लेकिन जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं है, न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य। मोदी जी से कहिए, आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।
इससे पहले 24 अक्टूबर को दिल्ली के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखा था। पत्र में आग्रह किया गया था कि धनतेरस, दिवाली और भाई दूज जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के मौसम को देखते हुए 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली को 10 नवंबर तक के लिए टाल दिया जाए।
CTI ने बताया था कि रामलीला मैदान से महज पांच किलोमीटर के दायरे में चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली और कश्मीरी गेट जैसे दिल्ली के सबसे बड़े थोक और खुदरा बाजार स्थित हैं।
व्यापारियों का कहना है कि दिवाली के दौरान दिल्ली में कारोबार लगभग 25,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। ऐसे में अगर 1 नवंबर को पूरी राजधानी में आवाजाही ठप हो जाती है, तो अकेले उसी दिन लगभग 10,000 करोड़ रुपये के कारोबार पर असर पड़ सकता है।
Updated on:
26 Oct 2026, 2:11 PM IST
Published on:
26 Oct 2026, 2:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.