
Punjab Congress Protest: चंडीगढ़। पंजाब में दलित युवक की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा समेत कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेता और समर्थक वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में लिया। कांग्रेस का आरोप है कि संगरूर निवासी दलित युवक की मौत मामले में सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।
कांग्रेस ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा को मंत्रिमंडल से हटाने और युवक की मौत की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। प्रदर्शन शुरू होने से पहले पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने पार्टी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के लिए न्याय और आम आदमी पार्टी सरकार से जवाबदेही की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी है।
15 सितंबर को हुआ यह प्रदर्शन कांग्रेस प्रभारी के तौर पर सचिन पायलट की पंजाब में राजनीतिक रणनीति की शुरुआती परीक्षा के तौर पर भी देखा जा रहा है। कांग्रेस आलाकमान ने हाल ही में पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने भूपेश बघेल की जगह जिम्मेदारी संभाली है। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से गुटबाजी की चर्चा रही है। ऐसे में पायलट के सामने संगठन को एकजुट करने और सरकार के खिलाफ पार्टी के आंदोलन को धार देने की चुनौती है।