
Punjab Congress : पटियाला। पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने कहा कि पार्टी के अंदर के मामलों पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि ये पार्टी के आंतरिक मामले हैं और इन्हें बाहर साझा नहीं किया जाता।
राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे के सवाल पर अमर सिंह ने कहा कि पार्टी का हाईकमान प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति करता है। हाईकमान ने ही राजा वड़िंग को अध्यक्ष बनाया था और अब अगला अध्यक्ष भी हाईकमान ही नियुक्त करेगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी जिस किसी को भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देगी, सभी नेता उसके साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों का पालन करते हैं।
कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर अमर सिंह ने कहा कि यह खुशी की बात है कि करीब 20-21 संगठनों ने इसमें भाग लिया। इनमें कर्मचारी, बिजली कर्मचारी, व्यापारी, आढ़ती, उद्योग और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी संगठनों ने अपनी मांगें सामने रखीं और बताया कि यदि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनती है तो वे सरकार से क्या चाहते हैं। अमर सिंह ने कहा कि पार्टी ने सभी संगठनों को भरोसा दिया है कि सरकार बनने पर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।
उधर, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने सोशल मीडिया बायो में बदलाव किया है। उन्होंने अपने बायो में 'पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष' लिखा है। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को ही अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने प्रदेश अध्यक्ष पद में संभावित बदलाव के संकेत दिए थे। उन्होंने अपने इस्तीफे की खबरों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा कि 'कुछ मुद्दे अंदरूनी हैं'। जब उनसे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरों के बारे में पूछा गया तो वड़िंग ने पत्रकारों से कहा था कि मैं अभी कुछ भी टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं आप सभी को बता दूंगा। कुछ मुद्दे अंदरूनी हैं।