राष्ट्रीय

पंजाब विधान सभा चुनाव 2027: छह साल बाद आखिर क्यों बीजेपी-अकाली को मिलाना पड़ा हाथ

पंजाब में विधान सभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों के बीच छह साल पहले टूटा रिश्ता एक बार फिर जुड़ गया है। पंजाब विधान सभा चुनाव के मद्देनजर एक तरह से दोनों के लिए साथ आना मजबूरी हो गई थी।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:24 PM IST
Punjab Assembly Elections 2027
पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी-SAD में हुआ गठबंधन (Photo-IANS)

BJP Akali Dal Alliance 2027: पंजाब विधान सभा चुनाव 2027 के लिए बीजेपी और अकाली दल में समझौता हो गया है। दोनों पार्टियों ने इसका ऐलान करने के लिए गुरु नानक देव की जयंती का दिन चुना। 24 नवंबर को नई दिल्ली में समझौते का ऐलान कर दिया गया। इसके साथ ही, इस बात के भी आसार बढ़ गए हैं कि अब जल्द ही नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का भी विस्तार होगा और इसमें अकाली दल के नेता भी शामिल किए जाएंगे।

2020 में क्यों बीजेपी से अलग हुए थे अकाली?

2020 में केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून पारित किए थे। किसानों ने इनका लंबा विरोध किया। कई किसानों की जानें भी गईं। लेकिन केंद्र सरकार ने लगातार आक्रामक रुख अपनाए रखा। आंदोलन करने वालों में किसान बड़ी संख्या में थे, इसलिए आकलियों ने उनके समर्थन में बीजेपी से नाता तोड़ने और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग या एनडीए) व केंद्र सरकार से अलग होने का फैसला कर लिया।

किसानों के लंबे आंदोलन के बाद सरकार बैकफुट पर आई और 2021 में गुरु नानक जयंती के दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माफी मांगते हुए खुद कानून वापस लिए जाने की घोषणा की। इसके कुछ ही महीने बाद पंजाब में विधान सभा चुनाव होने वाले थे।

अकालियों को लगा कि एनडीए से नाता तोड़ने के कदम का उसे चुनाव में फायदा मिल सकता है। शायद इसी कारण से 2022 के पंजाब विधान सभा चुनाव में उसने भाजपा से गठबंधन नहीं किया। उसने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) से हाथ मिलाया, लेकिन उसे कोई फायदा नहीं मिला। 10 मार्च को नतीजे आए तो बाजी आम आदमी पार्टी (आप) मार ले गई। 117 में से 92 सीटें वही जीत ले गई थी। अकाली दल मात्र तीन सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रहा।

पंजाब विधान सभा चुनाव 2022 में आप, कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी को मिलीं सीटें

राजनीतिक दल (पार्टी)जीती गई सीटेंवोट प्रतिशत (%)प्राप्त कुल वोट
आम आदमी पार्टी (AAP)9242.01%65,38,783
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC)1822.98%35,76,684
शिरोमणि अकाली दल (SAD)318.38%28,61,286
भारतीय जनता पार्टी (BJP)26.60%10,27,143
बहुजन समाज पार्टी (BSP)11.77%2,75,232
निर्दलीय (Independent)1——
कुल (Total)117——

मतलब, अकालियों को पंजाब में वोट बढ़ाने के मकसद से केंद्र की सत्ता छोड़ने का कोई फायदा नहीं हुआ। भाजपा के खिलाफ तो गुस्सा था ही।

दो साल बाद हुए लोक सभा चुनाव में भी भाजपा और अकाली का गठबंधन नहीं हुआ। उस समय असल में बीजेपी को अकाली दल की ज्यादा जरूरत नहीं थी। दोनों पार्टियां अकेले लड़ीं। अकालियों को केवल एक सीट पर जीत मिली। बीजेपी तो एक सीट से भी वंचित रह गई।

2002 से 2024 तक के चुनावों में पंजाब में अकाली दल का प्रदर्शन

क्रमचुनाव वर्ष एवं प्रकारकुल सीटें (पंजाब)लड़ी गई सीटेंजीती गई सीटेंवोट शेयर (पंजाब %)गठबंधन की स्थिति
12024 लोकसभा चुनाव1313113.42%अकेले चुनाव लड़ा (कोई गठबंधन नहीं)
22022 पंजाब विधानसभा चुनाव11797318.38%गठबंधन में (बसपा / BSP के साथ)
32019 लोकसभा चुनाव1310227.45%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
42017 पंजाब विधानसभा चुनाव117941525.24%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
52014 लोकसभा चुनाव1310426.26%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
62012 पंजाब विधानसभा चुनाव117945634.73%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
72009 लोकसभा चुनाव1310433.85%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
82007 पंजाब विधानसभा चुनाव117944937.09%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
92004 लोकसभा चुनाव1310834.28%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)
102002 पंजाब विधानसभा चुनाव117924131.08%गठबंधन में (भाजपा / NDA के साथ)

2022 और 2024 की हार अकालियों के लिए इस सदी की सबसे बड़ी चुनावी हार में एक रही। 2002 से अकालियों ने पंजाब में भाजपा के साथ के बिना केवल दो ही चुनाव लड़ा है। इसलिए उसे और भाजपा, दोनों को इस चुनाव में साथ आने में ही भलाई लगी। वैसे भी, किसानों के आंदोलन का मुद्दा फिलहाल खत्म हो गया है और केंद्र सरकार ने किसानों की मांग मान ही ली है तो अकालियों को नैतिक रूप से भी बीजेपी खेमे में वापसी करने का एक आधार मिला हुआ है।

आप को सत्ता से बेदखल करना अकेले किसी के वश का नहीं

2022 के विधान सभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का कुल वोट शेयर 25 प्रतिशत था। कांग्रेस को 23 प्रतिशत वोट मिले थे। ऐसे में दोनों को साथ लड़ने पर कम से कम दूसरे नंबर पर आने की उम्मीद तो है ही। आप को 2022 में 42 प्रतिशत वोट मिले थे। ऐसे में दोनों के मिले बिना उसे हिला पाना आसान नहीं होगा, यह बात दोनों पार्टियां जानती हैं। हालांकि, आप ने इस गठबंधन को हल्के में लिया है और उसके नेता का कहना है की शून्य और शून्य का जोड़ शून्य ही होता है।

Updated on:
24 Nov 2026, 2:24 PM IST
Published on: