
Punjab Election 2027: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। मंगलवार को बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी चुनाव को लेकर गठबंधन करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही दोनों पार्टियों के बीच छह साल से चला आ रहा राजनीतिक अलगाव खत्म हो गया है। अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से नाता तोड़ लिया था। हालांकि कौन कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा इसको लेकर दोनों दलों के बीच अभी कुछ तय नहीं हुआ है।
बता दें कि दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल मौजूद थे। इस दौरान नेताओं ने दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन का ऐलान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के नेताओं ने मिलकर फैसला किया है कि दोनों पार्टियां पंजाब विधानसभा का अगला चुनाव साथ मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आज से अकाली दल एनडीए के आधिकारिक सहयोगी के रूप में काम करेगा।
बता दें कि बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन सितंबर 2020 में टूटा था। उस समय मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों का अकाली दल ने विरोध किया था और एनडीए से अलग होने का फैसला लिया।
तत्कालीन केंद्रीय मंत्री और अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने भी इन कानूनों के विरोध में केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में किसान आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानूनों को वापस ले लिया था। हालांकि, इसके बावजूद दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही।
दरअसल, शिरोमणि अकाली दल बीजेपी के सबसे पुराने सहयोगियों में से एक रहा है। दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की शुरुआत 1996 में हुई थी। अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल ने 1996 के लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी को समर्थन दिया था। इसके बाद 1997 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच औपचारिक गठबंधन हुआ।
करीब ढाई दशक तक दोनों पार्टियों ने मिलकर पंजाब की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी। हालांकि, 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर यह गठबंधन टूट गया।
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भी बीजेपी और अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर बातचीत हुई थी। हालांकि, सीटों के बंटवारे और गठबंधन की शर्तों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण यह कोशिश सफल नहीं हो सकी।
पंजाब में 117 विधानसभा सीटें है। अब बीजेपी-SAD के गठबंधन से प्रदेश में चुनावी मुकाबला रोचक हो गया है। एक तरफ आम आदमी पार्टी दोबारा सत्ता में आने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है।