
Mad Sandhu Murder : नई दिल्ली। पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की गोली मारकर हत्या के मामले को लेकर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सिरसा ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था माफिया के हाथों में है।
सिरसा ने कहा कि पंजाब में आए दिन हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। यदि गांव का सरपंच सुरक्षित नहीं है और पूर्व सरपंच भी सुरक्षित नहीं है, तो फिर प्रदेश में कौन सुरक्षित है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शासन में रंगदारी वसूलने वाले गिरोह, माफिया और नशा तस्करों के गिरोह सक्रिय हैं।
उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वाले लोग खुलेआम घूम रहे हैं और लोगों की हत्या कर रहे हैं। इसी तरह गिरोहों और माफिया से जुड़े लोग भी लोगों को निशाना बना रहे हैं। सिरसा ने मैड संधू की हत्या का जिक्र करते हुए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
आम आदमी पार्टी की ओर से विधायक सुखवीर सिंह मैसरखाना को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किए जाने पर भी सिरसा ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी का राजनीतिक तरीका है, जिसमें सरकार के कामकाज का प्रचार करने पर जोर दिया जाता है।
सिरसा ने दावा किया कि सुखवीर सिंह लगातार शिक्षकों से स्कूलों में पूरी उपलब्ध कराने की बात कह रहे थे। उन्होंने कहा कि सुखवीर सिंह ऐसे विधायक हैं, जिनके बच्चे भी सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। सिरसा के अनुसार, जब विधायक ने शिक्षकों से जुड़े मुद्दे उठाए तो उन्हें ही पार्टी से बाहर कर दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का यही शिक्षा मॉडल है कि यदि कोई व्यक्ति शिक्षा व्यवस्था में सुधार की बात करता है तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। सिरसा ने पंजाब में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।